Chandauli News:चकिया क्षेत्र के लतीफशाह मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, घोड़े पर सवार दिखे कोतवाल

घुड़सवारी के शौकीन संजय सिंह ने मेले में घूमकर परखी सुरक्षा, भीड़ के बीच पुलिस की पैनी नजर

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चकिया। लतीफशाह में बुधवार को लगे मेले में आस्था और उत्साह का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दूर-दराज के गांवों और कस्बों से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते पूरा मेला परिसर लोगों की भीड़ से गुलजार हो गया। मेले में खरीदारी करने के साथ लोगों ने विभिन्न दुकानों और आकर्षणों का भी आनंद लिया।

मेले में उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए चकिया कोतवाली पुलिस की सक्रियता भी बढ़ी रही। भीड़ के बीच पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण करते रहे और यातायात व्यवस्था पर भी नजर बनाए रखी। किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।घुड़सवारी के शौकीन चकिया कोतवाल संजय सिंह की अंदाज-ए-ड्यूटी भी मेले में लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कोतवाल घोड़े पर सवार होकर पूरे मेला परिसर में पहुंचे और घूम-घूमकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। घोड़े पर सवार कोतवाल को देखकर मेले में मौजूद लोगों की नजरें भी उनकी ओर टिक गईं।संजय सिंह ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, आने-जाने के रास्तों और प्रमुख प्वाइंटों का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने और भीड़ के बीच किसी भी तरह की परेशानी उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए।

मेले में बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने के कारण यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस विशेष सतर्क रही। पुलिस टीम ने वाहनों के आवागमन को व्यवस्थित करने के साथ ही भीड़ को नियंत्रित करने में सक्रिय भूमिका निभाई।पूरे मेला परिसर में पुलिसकर्मी लगातार चक्रमण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा पर भी पुलिस की नजर रही। शाम तक मेले में लोगों की भीड़ बनी रही और पुलिस टीम शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रही।घोड़े की टापों के बीच मेले का जायजा लेते कोतवाल संजय सिंह का अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। घुड़सवारी के शौक को ड्यूटी के साथ जोड़ते हुए कोतवाल का यह अंदाज मेले में अलग ही नजारा पेश कर रहा था।