अपैक्स स्मार्ट स्कूल में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस

रतिया (सुनील कुमार)

स्थानीय मढ़ कॉलोनी स्थित अपैक्स समार्ट स्कूल में 1 मई, गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस मनाया गया। बच्चों द्वारा मजदूरों के महत्व को लेकर नाटक भी पेश किया गया। सम्मान के रूप में छात्रों द्वारा सहायक कर्मचारियों को आभार कार्ड व गिफ्ट्स भेंट किए गए। इन गतिविधियों में सभी विद्यार्थियों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया व स्कूल के सहायक कर्मचारियों, ड्राइवर व माली काका का धन्यवाद किया।

प्रिसिपल सोनिया अरोड़ा व कोआर्डिनेटर सोनिया मदान व ज्योति कम्बोज ने छात्रों को उनकी भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया और उन्हें मजदूर दिवस के महत्व की जानकारी दी। इस अवसर पर मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक अशोक मदान ने कहा कि सभी को मजदूर वर्ग की मेहनत व समर्पण का सम्मान व सराहना करनी चाहिए। स्कूल मैनेजमेंट व स्टाफ ने कहा कि हर निर्माण कार्य में मजदूर की भूमिका अहम होती है।

इस अवसरपर शैलेंद्र गोस्वामी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा की यह दिन राष्ट्र निर्माण की असली नींव रखने वालों को समर्पित है। यह वह लोग हैं जिनकी मेहनत की वजह से इमारतें खड़ी होती हैं, सड़कें बनती हैं और देश तरक्की करता है। हर साल 1 मई को भारत समेत दुनिया के तमाम देशों में यह दिन मजदूरों, श्रमिकों और कामगारों को सम्मान देने के लिए मनाया जाता है। असल में देखा जाए तो देश का ऐसा कोई भी सपना नहीं है, जो मजदूर की हथेलियों में बसे पसीने के बिना पूरा हो सके।