हरदोई में धूमधाम से मनाया जा रहा ईद -उल- अजहा का त्यौहार, मुल्क में अमन-चैन और भाईचारे की दुआ के साथ अदा की गई नमाज़, उलेमा बोले- गरीबों और रिश्तेदारों का रखे ख्याल 

हरदोई में ईद -उल- अजहा का त्यौहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह 6 बजे से लेकर 8 बजे तक मस्जिद और ईदगाहों में ईद की नमाज़ अदा की गई। जिसमें सभी ने मुल्क में अमन, चैन और भाईचारे की दुआ की। उलेमाओं ने सभी से नियमों का पालन करते हुए कुर्बानी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी को भी आपके त्यौहार मनाने से कोई परेशानी न हो। इसका विशेष ख्याल रखें।

हरदोई में 6 बजे से ईद की नमाज़ का सिलसिला शुरू हुआ जो 8 बजे तक चलता रहा। ईद की नमाज़ पढ़कर सभी ने मुल्क में अमन,चैन और भाईचारे की दुआ की। बावन में जामा मस्जिद के सदर हाफिज़ उबैदुल्लाह ने सभी से नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी हर उस शख्स पर वाजिब है जो हैसियत रखता है,वाजिब फर्ज के बराबर होता है। उन्होंने सभी से कुर्बानी के वेस्टेज को नष्ट करने की अपील की। जिससे किसी को भी कोई समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि 5 वक्त की नमाज़ मुसलमान पर फर्ज़ है,जिसके जरिए वह अपने पड़ोस के लोगों का हाल चाल जान सकें। जुमे की नमाज़ में बस्ती के लोगों की खैरियत पूछ सके। हज पूरी दुनिया के लोगों को एक साथ जमा करता है। जिससे वह एक दूसरे की परेशानियों को जान सके और उनकी मदद कर सकें। हाफिज उबैदुल्लाह ने कहा कि इस ईद -उल -अजहा पर हम अपनी नफ्स,हसद,कीना,बुग्ज़ और नफरतों को कुर्बान करें। जिससे एक दूसरे से हमारी मोहब्बत कायम रहे और लोगों के सु:ख दुःख में शामिल हो सकें।
मौलाना याहया ने कहा कि ईद -उल- अजहा (बकरीद) हजरत इब्राहिम अलैहिस्सलाम के बेटे इस्माईल अलैहिस्सलाम की याद में मनाई जाती है। बकरे,दुम्बे और भेड़ की कुर्बानी एक साल पूरा होने पर की जाती है। जिसमें एक हिस्सा होता है। जबकि बड़े की कुर्बानी दो साल पूरे होने पर होती है। जिसमें सात हिस्से होते है। एक हिस्से को तीन भाग में बांटा जाता है एक गरीब,दूसरा रिश्तेदार और तीसरा कुर्बानी कराने वाले का होता है। कुर्बानी पर सबसे ज्यादा हक़ गरीब का होता है। इसके साथ ही उन्होंने मुल्क में अमन,चैन और भाईचारे की दुआ के साथ ईद - उल - अजहा की नमाज़ अदा कराई। उन्होंने सभी से नियमों का पालन करते हुए कुर्बानी करने की अपील की। इस मौके पर पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही।
एसपी केशव चंद गोस्वामी ने हरदोई शहर ईदगाह पहुंचकर सभी को ईद -उल - अजहा की बधाई दी और पुलिस फोर्स की स्थिति को देखा। बावन कस्बे में चौकी प्रभारी व्यास यादव पुलिस बल के साथ मौके पर डटे रहे। उन्होंने सभी को ईद -उल- अजहा की बधाई दी।