भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ जिला कोरबा का प्रथम द्विवार्षिक अधिवेशन कटघोरा में संपन्न।

अधिवेशन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य कर्मचारी घोषित करने एवं सामाजिक सुरक्षा देकर उचित श्रेणी में शामिल करने सहित 8 प्रस्ताव पास किए गए।

Korba - 26 जून को भारतीय मजदूर संघ से संबद्ध आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, जिला कोरबा का प्रथम द्विवार्षिक अधिवेशन अग्रसेन भवन कटघोरा में संपन्न हुआ। अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में अखिल भारतीय मजदूर संघ के मंत्री एवं उद्योग प्रभारी राधेश्याम जायसवाल जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शोभा सिंहदेव, अध्यक्ष भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश, स्नेहलता पटेल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं मंत्री अखिल भारतीय कंस्ट्रक्शन मजदूर महासंघ, दिलीप यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं भारतीय मजदूर संघ जिला कोरबा के जिला मंत्री नवरतन बरेठ मंचस्थ रहे। अधिवेशन की अध्यक्षता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ जिला कोरबा के जिलाध्यक्ष हेमलता कंवर व मंच संचालन महामंत्री अंजलि पटेल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राधेश्याम जायसवाल ने कहा कि आज आंगनबाड़ी कार्यकर्ता केंद्र एवं राज्य सरकार के सभी कार्यों का निर्वहन करती है लेकिन सरकारों के द्वारा उन्हें उचित वेतनमान नहीं देती है, जिसके लिए भारतीय मजदूर संघ ने प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन किया है। उसी के फलस्वरूप आज प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं का वेतनमान में बढ़ोतरी हुआ है लेकिन हमारी मांग है कि सरकार ने जो चुनाव के समय वादा किया था उसको पूर्ण करते हुए कलेक्टर दर पर वेतनमान दे, अन्यथा आने वाले समय में हमारी आंगनबाड़ी के बहने भारतीय मजदूर संघ के नेतृत्व में आंदोलन करेगी। अधिवेशन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष शोभा सिंहदेव ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की संगठित शक्ति के कारण ही आज कुछ मांगे हमारी पूरी हुई है। पिछले दिनों भारतीय मजदूर संघ के आंदोलन में आप सबकी सहभागिता रही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं की संगठित होने में आज पूरे प्रदेश में जिला कोरबा प्रथम स्थान पर है और आने वाले समय में आप सभी एकता बनाए रखें और प्रत्येक कार्यकर्ताओं की सदस्यता होनी चाहिए। आप सभी ऐसी संगठित रहेंगे तो निश्चित रूप से कोई भी सरकार हो उसे हमारी मांग को पूरा करना होगा। अधिवेशन को स्नेहलता पटेल, दिलीप यादव एवं जिला मंत्री नवरतन बरेठ ने भी संबोधित किया। अधिवेशन में महामंत्री अंजलि पटेल के द्वारा पिछले कार्य काल के दौरान किए गए कार्य को महामंत्री प्रतिवेदन के रूप में प्रस्तुत किया एवं कोषाध्यक्ष मीना सोनी के द्वारा आय व्यय का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। अधिवेशन के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं के लिए सर्वसम्मति 8 प्रस्ताव पास किया गया- आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा प्रदान कर उचित श्रेणी में शामिल किया जाए। जब तक शासकीय कर्मचारी घोषित नहीं किया जाता है तो केंद्र सरकार के अनुरूप कार्यकर्ताओं का न्यूनतम वेतन 18000 एवं सहायिकाओं को 9000 प्रदान किया जाए। नई शिक्षा नीति 2020 के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्री प्राइमरी टीचर एवं सहायिकाओं को प्री प्राइमरी असिस्टेंट टीचर घोषित किया जाए। आदि। अधिवेशन के अंतिम सत्र में जिला अध्यक्ष हेमलता कंवर के द्वारा पिछली कार्यकारिणी को भंग किया गया एवं चुनाव अधिकारी के रूप में शोभा सिंहदेव का मनोनयन किया गया। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ छत्तीसगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष शोभा सिंहदेव के द्वारा आगामी 2 वर्ष के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ जिला कोरबा के लिए नए कार्यकारिणी की घोषणा की गई जिसमें जिले के अध्यक्ष के रूप में सावित्री राज, महामंत्री के रूप में चम्पा पैकरा एवं कोषाध्यक्ष के रूप में सीता देवी को दायित्त्व दिया गया साथ ही दो उपाध्यक्ष, चार मंत्री, एक कार्यालय मंत्री, एक संगठन मंत्री एवं छः कार्यसमिति सदस्यों का भी चयन किया गया। कार्यक्रम के अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष सावित्री राज के द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया एवं कार्यक्रम समापन की घोषणा की गई।