403 सीटों पर प्रत्याशी उतारेगी जननीति भारत, पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल का बड़ा सियासी ऐलान किसी दल से गठबंधन नहीं, स्वच्छ छवि और योग्य चेहरों के सहारे चुनावी मैदान में उतरेगी पार्टी जाति-धर्म कà¥

 

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय 

चकिया। उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सियासी सरगर्मी तेज होने लगी है। इसी बीच पूर्व आईएएस अधिकारी और जननीति भारत की संस्थापक दिव्या मित्तल ने बड़ा राजनीतिक ऐलान कर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जननीति भारत उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। पार्टी किसी भी राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं करेगी, बल्कि अपने दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी का मुख्य उद्देश्य जाति और धर्म की राजनीति से अलग संविधान के मूल्यों को केंद्र में रखकर जनता के हितों की लड़ाई लड़ना होगा।

यह बातें दिव्या मित्तल ने गुरुवार को कैलाशपुरी मोड़ स्थित एक होटल में आयोजित गोष्ठी के दौरान कहीं। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देना होना चाहिए। पार्टी विकास को स्पष्ट सोच और ठोस कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि योग्य और साफ छवि वाले लोगों को प्रत्याशी बनाया जाएगा, ताकि राजनीति में ईमानदारी और जवाबदेही को मजबूत किया जा सके।

पूर्व आईएएस अधिकारी ने अपने प्रशासनिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जिलाधिकारी के पद पर रहते हुए उन्हें कई तरह के दबाव का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी किसी के साथ गलत नहीं किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था हो या राजनीति, हर निर्णय का आधार जनहित होना चाहिए। आजादी के बाद भी कई ऐसे कार्य अधूरे हैं, जिन्हें पूरा करने के लिए उन्होंने अपनी सोच और टीम के सहयोग से प्रयास किया। सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी सीधे जनता तक पहुंचाना भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

दिव्या मित्तल ने दावा किया कि पार्टी को जनता का सहयोग मिल रहा है और इसी भरोसे के साथ सभी विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। उनके इस ऐलान को प्रदेश की राजनीति में नए विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। खासकर सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने और किसी दल से गठबंधन नहीं करने की घोषणा ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।

इससे पूर्व वैश्य समाज के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश जिंदल, अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला संगठन की जिलाध्यक्ष साधना अग्रवाल, उषा यादव, संजय श्रीवास्तव, शेखर जायसवाल, मनोज जुनेजा, अजय सचदेवा, नरेंद्र अरोड़ा और अजय जैन ने माल्यार्पण एवं स्मृति चिह्न देकर दिव्या मित्तल का स्वागत किया। इस मौके पर आत्माराम तुलस्यान, रजनीश सिंह डब्लू, डिंपल सिंह, दिलीप अग्रवाल, अजय श्रीवास्तव, विजय सिंह और शरदचंद मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।