सिरसागंज की प्रमुख खबरें-युवतियों के पीछे पड़ा शोहदा, नवीन मंडी में लगा मजमा, पराली जलाने पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, आधार कार्ड को लेकर नहीं थम रही परेशानी,

पराली जलाने पर चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई
लापरवाही पर कृषि विभाग ने लिया संज्ञान
सिरसागंज। खेतों में कृषि उत्पादों के अपशिष्ट जलाने पर प्रशासन की नींद टूटी है। कृषि विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए पराली जलाये जाने की सूचना पर चार किसानों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज करा दी है। इनमें से दो किसान गांव ऊमरी के मजरा नगला छोटे और दो पड़ोस के गांव मल्हापुर के हैं।�

गुरुवार को कृषि विभाग के एजेएम राहुल प्रताप सिंह ने मल्हापुर शाहजहांपुर निवासी श्याम सुंदर पुत्र जगदीश प्रसाद एवं नगला छोटे निवासी बीनेश कुमार पुत्र श्रीभगवान और महेश चंद्र पुत्र चंदन सिंह व जयराम सिंह पुत्र गजाधर सिंह के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने धारा 188, 278, 290 व 291 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। रिपोर्ट के मुताबिक पराली जलाने की घटना 20 अक्टूबर की है।
देश की राजधानी में प्रदूषण की समस्या बढ़ने से राज्यों में भी सख्ती के निर्देश हैं। हालांकि इन इलाकों में प्रशासन की सख्ती देखने को नहीं मिली है। किसानों द्वारा लगातार खेतों में फसल के अवशेष जलाये जा रहे हैं। जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
हाल ही में पराली जलाने की सूचना मिलने पर क्षेत्र के गांव भुताई और रुधैनी में मौके का जायजा लिया था। पराली जलती मिली थी।�

आधार कार्ड को लेकर नहीं थम रही परेशानी
केंप लगाने की बात पर नहीं हुई सुनवाई
सिरसागंज। नगर में आधार कार्ड के लिए परेशानियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं। डाकघर पर एकमात्र मशीन पर आधार कार्ड बनाने और संशोधन का कार्य बेहद सुस्त गति से चल रहा है। अक्सर लोगों को पूरे दिन इंतजार करना होता है। पिछले दिनों एसडीएम को ज्ञापन देकर केंप लगाने की मांग की गयी थी, जिस पर कोई सुनवाई नहीं हो सकी है।
आधार कार्ड बनवाने और संशोधन के लिए लोग परेशान हैं। लंबे समय तक आधार कार्ड बनाने का कार्य बंद रहा। इस दौरान भी लोग भटकते रहे। डाकघर पर कंेद्र शुरू किया गया लेकिन अवैध वसूली की शिकायतें आईं। एक कर्मचारी का स्थानांतरण कर दिया गया। जिससे केंद्र बंद हो गया।
हाल ही में दुबारा केंद्र शुरू हुआ है। लेकिन डाकघर पर जगह की कमी से भीड़ हो जाती है। लोगों ने केंद्र को किसी सुविधाजनक स्थान पर संचालित किये जाने की मांग की थी। नगर के कुछ जागरूक नागरिक एक माह पूर्व एसडीएम को आधार कार्ड शिविर लगाने के लिए ज्ञापन देकर आये थे। एसडीएम ने आश्वासन दिया था। ज्ञापन देने वाले डा मुकेश मणिकांचन ने बताया कि एसडीएम से पुनः मुलाकात का प्रयास किया गया लेकिन प्रशासन टूंडला उपचुनाव में व्यस्तता के कारण असहाय नजर आ रहा है।
स्थानीय नागरिकों ने एक बार फिर से मांग की है कि जनता की परेशानियों को ध्यान में रखते हुए अतिशीघ्र आधार केंप की व्यवस्था तहसील परिसर में की जानी चाहिए। लोगों ने जिलाधिकारी को संज्ञान लेने की अपील भी की है।

युवतियों के पीछे पड़ा शोहदा, नवीन मंडी में लगा मजमा
वूमेन हेल्प लाइन डायल करने पर पहुंची पुलिस
सिरसागंज। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एक तरफ उत्तर प्रदेश में शक्ति अभियान चलाया जा रहा है तो दूसरी तरफ महिला शक्ति की आराधना का पर्व नवदुर्गा चल रहा है लेकिन महिलाओं पर संकट कम होने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसा ही एक मामला कस्बे में चर्चा का विषय बना रहा। कई घंटों तक एक शोहदा दो युवतियों को तंग करता रहा। भीड़ जुटने पर हंगामे की स्थिति बनने लगी। लेकिन पुलिस आने से पहले ही वह नौ दो ग्यारह हो गया।
नगला प्रेम सिंह निवासी दो युवतियां शिकोहाबाद के मैनपुरी रोड स्थित एक काॅलेज में बीए प्रथम और द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। ये दोनों गुरुवार को साइकिल से सिरसागंज कस्बे में कंप्यूटर सेंटर पर छात्रवृत्ति का फार्म आॅनलाइन कराने आयीं थीं। यहां पर एक युवक युवतियों से बातचीत का प्रयास करने लगा। युवतियों ने उसकी तरफ ध्यान नहीं दिया और अपना काम समाप्त करके वे घर के लिए चल पड़ीं। लेकिन युवक उनके पीछे हो लिया। उसने रास्ते में कई बार युवतियों से टोकाटाकी की। वह उनका मोबाइल नंबर मांगने लगा। युवतियां लगातार उस युवक को झिड़कती रहीं लेकिन लड़का उनका लगातार पीछा करता रहा।
युवक की नीयत से परेशान होकर युवतियां मदद मांगने के लिए नवीन मंडी में घुस गयीं। एक परिचित को युवक के बारे में बताया। युवक यहां पर भी आ गया। लोगों ने उसे हड़काया लेकिन युवक बहस करने लगा। कुछ लोग उसका पक्ष भी लेने लगे। नगला राधे के प्रगतिशील किसान लोकेश कुमार संयोग से मौके पर पहुंच गये और युवक को जमकर फटकार लगायी। अच्छा खासा मजमा लग गया। इसी दौरान किसी से फोन लेकर युवती ने वूमेन हैल्पलाइन पर फोन कर दिया। कुछ देर बाद पुलिस पहुंच गयी। लेकिन पुलिस के आने से पहले ही युवक चम्पत हो गया। पुलिस युवतियों को थाना लेकर आयी जहां पर उनकी शिकायत दर्ज कर कार्यवाही का आश्वासन देकर चलता कर दिया गया।