पश्चिम रेलवे की 7 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त कोच, यात्रियों को मिलेगी कन्फर्म सीटों की सुविधा

अहमदाबाद। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद मंडल से संबंधित 7 जोड़ी ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। इस व्यवस्था से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त बर्थ और सीटों की सुविधा मिलेगी। अतिरिक्त कोच दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक अलग-अलग निर्धारित अवधि में लगाए जाएंगे।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 20963/20964 साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस में 1 एसी थ्री टियर और 1 स्लीपर कोच साबरमती से 3 दिसंबर 2026 से 25 मार्च 2027 तक तथा वाराणसी से 5 दिसंबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक निर्धारित दिनों में जोड़े जाएंगे।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 19413/19414 अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस में 1 एसी थ्री टियर और 1 स्लीपर कोच अहमदाबाद से 2 दिसंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक तथा कोलकाता से 5 दिसंबर 2026 से 3 अप्रैल 2027 तक लगाए जाएंगे।

ट्रेन संख्या 19409/19410 साबरमती-गोरखपुर एक्सप्रेस में 1 एसी थ्री टियर और 1 स्लीपर कोच साबरमती से 3 दिसंबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक तथा गोरखपुर से 6 दिसंबर 2026 से 29 मार्च 2027 तक उपलब्ध रहेंगे। वहीं ट्रेन संख्या 20939/20940 साबरमती-सुल्तानपुर एक्सप्रेस में भी 1 एसी थ्री टियर और 1 स्लीपर कोच साबरमती से 1 दिसंबर 2026 से 30 मार्च 2027 तक तथा सुल्तानपुर से 2 दिसंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक जोड़े जाएंगे।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 12009/12010 मुंबई सेंट्रल-अहमदाबाद शताब्दी एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 12934/12933 अहमदाबाद-बांद्रा टर्मिनस-वटवा कर्णावती एक्सप्रेस में 1-1 अतिरिक्त एसी चेयर कार कोच 1 दिसंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक लगाया जाएगा।

वहीं ट्रेन संख्या 12957/12958 साबरमती-नई दिल्ली स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस में 1 अतिरिक्त एसी थ्री टियर कोच साबरमती से 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2026 तक तथा नई दिल्ली से 2 दिसंबर 2026 से 1 जनवरी 2027 तक जोड़ा जाएगा।

पश्चिम रेलवे की इस व्यवस्था से यात्रियों को अतिरिक्त सीटें और बर्थ उपलब्ध होंगी, जिससे व्यस्त यात्रा अवधि में प्रतीक्षा सूची कम करने और यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।