दबंगई: लखनऊ में बस कंडक्टर को दबंग ने मारपीट कर किया घायल,थाने में दी गई तहरीर

*लखनऊ के चिनहट में बस कंडक्टर से मारपीट और धमकी का सनसनीखेज मामला, पुलिस से कार्रवाई की मांग*

 

*शोएब मिर्जा*

 

लखनऊ: चिनहट थाना क्षेत्र में बस न रोकने के विवाद को लेकर एक बस कंडक्टर के साथ कथित मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित कंडक्टर ने 26 नवंबर 2026 को चिनहट थाना प्रभारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की गुहार लगाई है।

बस रुकवाने को लेकर बढ़ा विवाद

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मूल रूप से हंसवर, अंबेडकर नगर निवासी राहुल (पुत्र राम उजागर) बस कंडक्टर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि 25 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:00 बजे जब वह ड्यूटी पर थे, तभी बीबीडी (BBD) यूनिवर्सिटी के पास रहने वाले अस्तित्व सिंह (पुत्र बबलू) और उनके चार साथियों ने गोयल कॉलेज के पास उन्हें बस से नीचे उतार लिया। आरोप है कि आरोपियों ने बस रुकवाने के बावजूद बस न रोकने को लेकर विवाद शुरू किया और मारपीट की, जिससे राहुल को चोटें आईं।

 

*जातिसूचक गालियां और फोन पर धमकी का आरोप*

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके साथ जातिसूचक गालियों का प्रयोग किया और भविष्य में कहने पर बस न रोकने पर जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र में यह भी दावा किया गया है कि आरोपी अस्तित्व सिंह ने फोन कर के भी उन्हें धमकाया, जिसका मोबाइल नंबर शिकायत में दर्ज किया गया है।

 

*पीड़ित ने मांगी सुरक्षा और कार्रवाई*

राहुल ने थानाध्यक्ष चिनहट से पूरे मामले की जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि वह भविष्य में सुरक्षित रह सकें।