*दहेज, तांत्रिक गुरु और दूसरी शादी की धमकी: नवविवाहिता ने ससुराल पर लगाए सनसनीखेज आरोप*

लखनऊ: राजधानी के जानकीपुरम क्षेत्र की रहने वाली एक नवविवाहिता ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना और कथित तांत्रिक गुरु के दबाव में दूसरी शादी की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए ठाकुरगंज थाने में शिकायत दी है। पीड़िता ने मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है।

 

*कार, सोने की अंगूठी और दूसरी शादी की धमकी का आरोप*

पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक, जानकीपुरम के सेक्टर-एच निवासी गरिमा सिंह की शादी 12 फरवरी 2026 को लखनऊ के सौभाग्यम लॉन में शुभम सिंह (निवासी ग्राम गौरा रूपई, लालगंज, रायबरेली; हाल पता- सरफराजगंज, थाना ठाकुरगंज, लखनऊ) के साथ हुई थी। पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही सास रामलली सिंह कम दहेज को लेकर ताने मारने लगीं और रूप-रंग पर भी टिप्पणी करती थीं।

प्रार्थिनी के अनुसार, ससुराल पक्ष ने कार या कार खरीदने के पैसे की मांग की और कथित गुरु जी (श्रीकांत त्रिपाठी) को सोने की अंगूठी देकर सम्मानित न करने पर नाराजगी जताई। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर घर से निकालने और बेटे की दूसरी शादी कराने की धमकी दी गई।

6x6 के कमरे में गर्मी और ?स्त्रीधन? हड़पने का दावा

शिकायत में पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि पति ने परिवार के रवैये के आगे चुप्पी साधे रखी और कई दिनों तक कमरे में अकेला छोड़कर चले जाते थे। पीड़िता का कहना है कि मई-जून की भीषण गर्मी में उन्हें 6x6 के कमरे में बिना कूलर के रहने को मजबूर किया गया। इसके अलावा दूसरी विदाई के दौरान शादी में मिले जेवर रख लेने तथा वट सावित्री व्रत पर भी गहने न देने का आरोप लगाया गया है।

 

*ताला तोड़कर सामान व नकदी ले जाने का आरोप*

प्रार्थिनी के मुताबिक, 2 अगस्त 2026 को सावन के त्योहारों के लिए वह मायके आई थीं। आरोप है कि त्योहार बीतने के बाद भी ससुराल पक्ष उन्हें वापस नहीं ले गया। बाद में मकान मालकिन के जरिए पता चला कि ससुराल वालों ने कथित तौर पर झूठ बोलकर कमरे का ताला तोड़ा और कपड़े, सोने की अंगूठी, पायल तथा 10,000 रुपये नकद लेकर चले गए।

 

*पुलिस से कार्रवाई की मांग*

7 अक्टूबर 2026 को दिए गए इस प्रार्थना पत्र में गरिमा सिंह ने कथित तांत्रिक गुरु के उकसावे पर सास, ससुर और पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने व रास्ते से हटाने की धमकी दिए जाने का जिक्र करते हुए आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय प्रभारी निरीक्षक ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी।