हरदोई में बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर पिता की हत्या की, मां को पिटता देख खोया आपा, बचाव और ताबड़तोड़ वार में पिता की गई जान

हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर में मंगलवार को घरेलू विवाद के दौरान बेटे ने धारदार हथियार से हमला कर अपने पिता की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि पिता अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहे थे। मां को पिटता देख बेटे ने विरोध किया। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र के बीच विवाद बढ़ गया और बेटे ने पिता पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने से पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना 24 नवंबर की है। क्षेत्राधिकारी नगर अजीत चौहान के मुताबिक, राधानगर निवासी रामेंद्र सिंह (53) अपनी पत्नी अंजू सिंह के साथ मारपीट कर रहे थे। इस दौरान उनके 28 वर्षीय बेटे सत्यम सिंह ने पिता को ऐसा करने से रोका। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर पिता और पुत्र के बीच मारपीट होने लगी।
आरोप है कि इसी दौरान सत्यम ने धारदार हथियार से पिता पर हमला कर दिया। हमले में रामेंद्र सिंह के गर्दन, चेहरे और सीने पर गंभीर चोटें आईं। चोटों के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू की। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी सत्यम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित हैं।