हरदोई मेडिकल कॉलेज में मधुमक्खियों का कहर, चार साल की बच्ची समेत 15 घायल, चार की हालत गंभीर

हरदोई। मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को मधुमक्खियों के अचानक हमले से मरीजों और तीमारदारों में भगदड़ मच गई। ओपीडी भवन की दूसरी मंजिल पर लगे छत्तों से निकले मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में चार साल की बच्ची समेत करीब 15 लोग घायल हो गए। इनमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। मधुमक्खियों से बचने के लिए लोगों को इधर-उधर भागना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मधुमक्खियों का झुंड अचानक ओपीडी भवन से निकलकर मरीजों और तीमारदारों पर टूट पड़ा। हमले से बचने के लिए कई लोग ब्लड बैंक और सीटी स्कैन कक्ष में घुस गए और दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद मधुमक्खियों का झुंड आईपीडी भवन की ओर भी पहुंच गया। करीब एक घंटे तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हमले में हरपालपुर क्षेत्र के बांसी गांव निवासी छोटे भईया, लोनार के जमुनियापुरवा निवासी रामऔतार और उनके भाई रामदास गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं पचदेवरा निवासी चार वर्षीय सोनी भी मधुमक्खियों के हमले में बुरी तरह घायल हो गई। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घायलों में छोटे भईया की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना से मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। ओपीडी की दूसरी मंजिल पर लगे मधुमक्खियों के छत्तों को लेकर अस्पताल प्रशासन की सतर्कता पर भी सवाल उठ रहे हैं।