उत्तर पश्चिम रेलवे में हरित ऊर्जा को बढ़ावा, अक्टूबर में 17.68 लाख यूनिट सौर बिजली का उत्पादन

उत्तर पश्चिम रेलवे में हरित ऊर्जा को बढ़ावा, अक्टूबर में 17.68 लाख यूनिट सौर बिजली का उत्पादन

81.85 प्रतिशत यात्री ट्रेनें और 68.1 प्रतिशत माल परिवहन इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित, पर्यावरण संरक्षण की दिशा में रेलवे के प्रयास तेज

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कदम उठा रहा है। इसी कड़ी में अक्टूबर 2026 के दौरान रेलवे के विभिन्न सौर ऊर्जा संयंत्रों से 17.68 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इसके साथ ही 298.25 किलोवाट पीक क्षमता का नया सौर ऊर्जा संयंत्र भी सफलतापूर्वक चालू किया गया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे में पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्रों की स्थापना की जा रही है। इससे ऊर्जा संरक्षण के साथ पर्यावरण को स्वच्छ रखने में भी मदद मिल रही है।

रेल संचालन में भी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के उपयोग को लगातार बढ़ाया जा रहा है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे की कुल 303 जोड़ी यात्री रेलसेवाओं में से 248 जोड़ी ट्रेनें यानी 81.85 प्रतिशत यात्री रेलसेवाएं इलेक्ट्रिक इंजन से संचालित की जा रही हैं।

वहीं माल परिवहन के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। अक्टूबर 2026 तक उत्तर पश्चिम रेलवे के कुल माल परिवहन का 68.1 प्रतिशत हिस्सा इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन के माध्यम से संचालित किया गया है।

रेलवे प्रशासन द्वारा सौर ऊर्जा उत्पादन में वृद्धि, इलेक्ट्रिक इंजनों के अधिकाधिक उपयोग और उनके नियमित अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य पारंपरिक ऊर्जा पर निर्भरता घटाना, कार्बन उत्सर्जन कम करना और रेल संचालन को पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। उत्तर पश्चिम रेलवे हरित रेलवे की दिशा में स्वच्छ ऊर्जा और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल को लगातार आगे बढ़ा रहा है।