जून 2028 तक सिक्किम को मिलेगी पहली रेल कनेक्टिविटी, सेवक-रंगपो परियोजना को गति देने की तैयारी

सिक्किम में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करने और प्रमुख अवसंरचना परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (निर्माण) ने राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाया है। इसी क्रम में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (निर्माण) के महाप्रबंधक आशीष बंसल ने 17 नवंबर 2026 को गंगटोक में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, सांसद डॉ. इन्द्रा हांग सुब्बा और राज्य सरकार के मुख्य सचिव के साथ बैठक की।

बैठकों में सेवक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना सहित राज्य में प्रस्तावित रेलवे अवसंरचना कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। महाप्रबंधक ने मुख्यमंत्री को निर्माण कार्यों की नवीनतम स्थिति और परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। इसके साथ ही रंगपो-सरमसा और मेली-डेटम सर्वेक्षण की प्रगति से भी अवगत कराया।

44.96 किलोमीटर लंबी सेवक-रंगपो रेल लाइन परियोजना सिक्किम के लिए ऐतिहासिक साबित होगी। इसके पूरा होने पर राज्य पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा। हिमालय के दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में बन रही इस रेल लाइन में 14 सुरंगें, 13 बड़े पुल और 10 छोटे पुल शामिल हैं। परियोजना को जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में सांसद डॉ. इन्द्रा हांग सुब्बा के साथ भी रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास पर चर्चा हुई। वहीं, मुख्य सचिव के साथ बैठक में परियोजना से जुड़े उन मुद्दों के समाधान पर विचार किया गया, जिनमें राज्य सरकार के सहयोग की आवश्यकता है। इसके लिए बेहतर समन्वय व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार सेवक-रंगपो रेल लाइन पूरी होने से सिक्किम में यात्री और माल परिवहन सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा। साथ ही पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय विकास को भी नई गति मिलेगी।