कोलकाता स्टेशन पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए रेलवे और नगर निगम ने मिलाया हाथ, 72 इंच की पाइपलाइन की होगी मरम्मत

कोलकाता स्टेशन पर जलभराव की समस्या दूर करने के लिए रेलवे और नगर निगम ने मिलाया हाथ, 72 इंच की पाइपलाइन की होगी मरम्मत

जलभराव रोकने के लिए रेलवे और निगम की संयुक्त पहल

कोलकाता। कोलकाता स्टेशन पर जलभराव की समस्या और शहर में जल संकट को दूर करने के लिए रेलवे और कोलकाता नगर निगम ने संयुक्त रूप से पहल की है। स्टेशन के तालाब क्षेत्र में 72 इंच की जल आपूर्ति पाइपलाइन की मरम्मत के लिए रेलवे और नगर निगम के अधिकारियों ने कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई है। इस संबंध में 18 नवंबर को सियालदह मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने की। इसमें रेलवे अधिकारियों के साथ कोलकाता नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त और जल आपूर्ति विभाग के महानिदेशक के नेतृत्व में निगम की टीम शामिल हुई।

बैठक में पिछले सप्ताह कोलकाता स्टेशन पर हुई जलभराव की घटना पर चर्चा की गई। तालाब पंपिंग स्टेशन के पास 72 इंच की जल आपूर्ति पाइपलाइन में रिसाव होने के कारण स्टेशन परिसर में भारी जलभराव हो गया था। इससे ट्रेनों का परिचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ था।

नगर निगम ने कोलकाता यार्ड की सर्कुलर लाइन और स्टेबलिंग लाइनों के बीच प्रभावित पाइपलाइन की मरम्मत का प्रस्ताव रखा। इसके लिए निगम की ओर से तकनीकी उपायों, कार्य प्रक्रिया और आगे की कार्ययोजना का विस्तृत विवरण तैयार किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने मरम्मत कार्य के लिए आवश्यक अनुमति और ब्लॉक उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही रेल पटरियों की सुरक्षा और ट्रेन परिचालन पर न्यूनतम असर सुनिश्चित करने पर भी सहमति बनी है।

सियालदह मंडल के डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और निर्बाध ट्रेन परिचालन रेलवे की प्राथमिकता है। जल संकट के समाधान के लिए रेलवे कोलकाता नगर निगम को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। दोनों विभागों के समन्वय से पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।