पुष्कर मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा 3 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें

पुष्कर मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा 3 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल ट्रेनें

पुष्कर मेले के लिए रेलवे ने बढ़ाई रेल सेवाएं

अजमेर। पुष्कर मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने विशेष तैयारी की है। यात्रियों की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे की ओर से 3 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से पुष्कर, अजमेर और आदर्शनगर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार पहली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन संख्या 09643 दिनांक 23 नवंबर को पुष्कर से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे आदर्शनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09644 आदर्शनगर से दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर 3:45 बजे पुष्कर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव बूढ़ा पुष्कर, माकड़वाड़ी, मदार और अजमेर स्टेशनों पर होगा। इसमें 7 साधारण द्वितीय श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे सहित कुल 9 डिब्बे होंगे।

दूसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 09645 दिनांक 24 नवंबर को अजमेर से सुबह 9:50 बजे रवाना होकर 11 बजे पुष्कर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09646 पुष्कर से शाम 4:30 बजे रवाना होकर 5:40 बजे अजमेर पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव मदार जंक्शन, माकड़वाड़ी और बूढ़ा पुष्कर स्टेशनों पर होगा। इसमें 4 साधारण द्वितीय श्रेणी और 1 गार्ड डिब्बा सहित कुल 5 डिब्बे लगाए जाएंगे।

इसी क्रम में तीसरी स्पेशल ट्रेन संख्या 09647 भी 24 नवंबर को पुष्कर से सुबह 11:40 बजे रवाना होकर दोपहर 1 बजे आदर्शनगर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 09648 आदर्शनगर से दोपहर 2:10 बजे रवाना होकर 3:45 बजे पुष्कर पहुंचेगी। इसका ठहराव बूढ़ा पुष्कर, माकड़वाड़ी, मदार और अजमेर स्टेशनों पर होगा। इस ट्रेन में भी 7 साधारण द्वितीय श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 9 डिब्बे रहेंगे।

रेलवे की इस पहल से पुष्कर मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी और अतिरिक्त यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।