मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सख्त, सहकर्मी से मारपीट करने वाले 3 घोड़ा संचालक पकड़े

मां वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सख्त, सहकर्मी से मारपीट करने वाले 3 घोड़ा संचालक पकड़े

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम यात्रा के लिए पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कटड़ा। मां वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए रियासी पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रही है। यात्रा मार्ग पर अनुशासन बनाए रखने की दिशा में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहकर्मी के साथ मारपीट करने के आरोप में 3 घोड़ा संचालकों को पकड़ लिया है।

पुलिस के अनुसार यह घटना दो दिन पहले बाणगंगा मार्ग पर घोड़ा संचालकों के बीच हुए विवाद के दौरान हुई थी। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस चौकी बाणगंगा ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर भजन सिंह, प्यार सिंह और रशपाल सिंह को पकड़ लिया।

तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 126 और 170 के तहत एहतियाती कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और यात्रा मार्ग पर शांति व्यवस्था बनी रहे।

रियासी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मां वैष्णो देवी के यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की मारपीट, अनुशासनहीनता या श्रद्धालुओं की आवाजाही में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा मार्ग पर बेहतर व्यवस्था बनाए रखने के प्रति प्रशासन की गंभीरता सामने आई है।