मुंबई से जयनगर के बीच चलेंगी 4 पूजा विशेष ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

मुंबई से जयनगर के बीच चलेंगी 4 पूजा विशेष ट्रेनें, यात्रियों को मिलेगी राहत

त्योहारों पर भीड़ कम करने के लिए रेलवे की पहल

मुंबई। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मध्य रेलवे ने मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) और बिहार के जयनगर के बीच 4 पूजा विशेष ट्रेन सेवाएं संचालित करने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से मुंबई, उत्तर प्रदेश और बिहार जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार विशेष ट्रेन संख्या 05540 प्रत्येक गुरुवार 19 और 26 नवंबर को शाम 7 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस से रवाना होकर तीसरे दिन दोपहर 1:50 बजे जयनगर पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन संख्या 05539 प्रत्येक मंगलवार 17 और 24 नवंबर को रात 11:50 बजे जयनगर से रवाना होकर तीसरे दिन शाम 5:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

इन विशेष ट्रेनों का ठहराव ठाणे, कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर, आरा, दानापुर, पाटलिपुत्र, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा और मधुबनी सहित विभिन्न स्टेशनों पर होगा।

ट्रेन में एसी तृतीय श्रेणी के 5, शयनयान श्रेणी के 6 और सामान्य द्वितीय श्रेणी के 5 कोच सहित कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन संख्या 05540 की बुकिंग 18 नवंबर से रेलवे आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर शुरू होगी। अनारक्षित टिकट यूटीएस प्रणाली के माध्यम से भी लिए जा सकेंगे। यात्री रेलवन ऐप से भी टिकट बुक कर सकते हैं।