पूर्वोत्तर भारत में रेलवे विद्युतीकरण की बड़ी उपलब्धि, 10 साल से कम समय में 100% लक्ष्य पूरा

पूर्वोत्तर भारत में रेलवे विद्युतीकरण की बड़ी उपलब्धि, 10 साल से कम समय में 100% लक्ष्य पूरा

शून्य से 4,311.96 रूट किलोमीटर तक पहुंचा विद्युतीकरण, पूर्वोत्तर के सभी सक्रिय रेलखंड हुए बिजली से लैस

पूर्वोत्तर भारत में रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। रेलवे ने अपने क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले पूर्वोत्तर राज्यों के सभी सक्रिय रेलखंडों का विद्युतीकरण पूरा कर लिया है। खास बात यह है कि वर्ष 2014 से पहले जहां इस क्षेत्र में रेलवे विद्युतीकरण नहीं था, वहीं 2017-18 में शुरू हुई इस पहल के बाद 10 वर्षों से भी कम समय में 100 प्रतिशत विद्युतीकरण का लक्ष्य हासिल कर लिया गया।

वर्ष 2026-27 तक के आंकड़ों के अनुसार, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे ने अपने क्षेत्राधिकार में कुल 4,311.96 रूट किलोमीटर रेलमार्ग का विद्युतीकरण किया है। इसमें असम में 2,546.04 रूट किलोमीटर, पश्चिम बंगाल में 987.51 रूट किलोमीटर और बिहार में 427.49 रूट किलोमीटर रेलमार्ग शामिल है। इसके अलावा त्रिपुरा में 269.45, मिजोरम में 52.88, अरुणाचल प्रदेश में 11.67, मेघालय में 9.58, नागालैंड में 6 और मणिपुर में 1.35 रूट किलोमीटर रेलमार्ग का विद्युतीकरण किया गया है।

विद्युतीकरण के कार्य में पिछले कुछ वर्षों के दौरान तेजी से प्रगति हुई है। वर्ष 2023-24 में 915.62 रूट किलोमीटर, 2024-25 में 1,141.38 रूट किलोमीटर और 2025-26 में 445.66 रूट किलोमीटर रेलमार्ग का विद्युतीकरण किया गया। वहीं, वर्ष 2026-27 में अब तक 141.77 रूट किलोमीटर का विद्युतीकरण दर्ज किया गया है।

हाल ही में 14 सितंबर 2026 को लामडिंग-बदरपुर रेलखंड और 12 अक्टूबर 2026 को मिजोरम के बइरबी-सैरांग रेलखंड पर विद्युतीकरण का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया गया। इसके साथ ही नई रेलवे लाइन परियोजनाओं में भी विद्युतीकरण का कार्य समानांतर रूप से किया जा रहा है, ताकि भविष्य में तैयार होने वाला रेल बुनियादी ढांचा भी आधुनिक विद्युत कर्षण प्रणाली से लैस हो सके।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे की यह उपलब्धि रेल परिचालन को अधिक ऊर्जा-कुशल, विश्वसनीय और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे क्षेत्र में रेल संपर्क मजबूत होने के साथ-साथ हरित परिवहन को भी बढ़ावा मिलेगा। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने इस उपलब्धि की जानकारी दी।