प्रयागराज में स्काउट्स एवं गाइड्स की 8वीं जिला रैली में दिखी प्रतिभाओं की चमक, मेहंदी-रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल के तत्वावधान में आयोजित स्काउट्स एवं गाइड्स की 8वीं जिला रैली में विभिन्न प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। 13 से 16 नवंबर 2026 तक आयोजित इस चार दिवसीय रैली में मंडल के विभिन्न स्टेशनों और इकाइयों से आए लगभग 300 स्काउट्स एवं गाइड्स उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

15 नवंबर को डीएसए ग्राउंड, प्रयागराज में महिला कल्याण समिति की ओर से मेहंदी, ड्राइंग, रंगोली और क्राफ्ट प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिला कल्याण समिति की उपाध्यक्षा प्रज्ञा दीपक, सचिव प्रिया मिश्रा, उप सचिव आकांक्षा राणा सहित समिति की अन्य पदाधिकारी मौजूद रहीं। प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और हुनर का प्रदर्शन किया।

इस दौरान देशभक्ति गीतों, समूह नृत्य, लोकगीतों और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की समृद्ध विरासत, विविधता और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

उल्लेखनीय है कि रैली का शुभारंभ अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) एवं जिला मुख्य आयुक्त स्काउट्स एवं गाइड्स दीपक कुमार ने किया था। रैली का मुख्य उद्देश्य युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, टीम भावना और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे गुणों का विकास करना है।

चार दिवसीय इस आयोजन का समापन 16 नवंबर को होगा। इसके सफल आयोजन के लिए मंडल के विभिन्न विभागों और स्काउट्स एवं गाइड्स के पदाधिकारियों द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।

प्रयागराज मंडल की यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर देने के साथ उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।