अहमदाबाद से दरभंगा के बीच 20 और 27 नवंबर को चलेगी स्पेशल ट्रेन, मुरादाबाद मंडल के यात्रियों को भी मिलेगी सुविधा

अहमदाबाद। सर्दियों और त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने अहमदाबाद और दरभंगा के बीच विशेष किराये पर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस ट्रेन के संचालन से गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 09465 अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल 20 और 27 नवंबर 2026 (शुक्रवार) को अहमदाबाद से रात 20:25 बजे रवाना होगी और तीसरे दिन रविवार को सुबह 10:30 बजे दरभंगा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09466 दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल 23 और 30 नवंबर 2026 (सोमवार) को दरभंगा से सुबह 03:00 बजे रवाना होगी और अगले दिन मंगलवार को शाम 16:35 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में छायापुरी, रतलाम, नागदा, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, ईदगाह आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, फतेहपुर, प्रयागराज, ज्ञानपुर रोड, वाराणसी, औंड़िहार, गाजीपुर सिटी, छपरा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर स्टेशनों पर रुकेगी।

तीन श्रेणियों के कोच होंगे उपलब्ध

इस ट्रेन में वातानुकूलित तृतीय श्रेणी (3AC), शयनयान (स्लीपर) और द्वितीय श्रेणी बैठने (2S) के कोच लगाए जाएंगे।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 09465 के लिए आरक्षण 17 नवंबर 2026 को सुबह 08:00 बजे से सभी यात्री आरक्षण केंद्रों पर शुरू होगा। स्पेशल ट्रेन के संचालन से त्योहार और सर्दियों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी।