त्योहारी सीजन में स्पेशल ट्रेनें चलाने के बावजूद समयपालन में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में प्रथम

त्योहारी सीजन में स्पेशल ट्रेनें चलाने के बावजूद समयपालन में उत्तर पश्चिम रेलवे देशभर में प्रथम

उत्तर पश्चिम रेलवे ने दीपावली और छठ पूजा के त्योहारी सीजन में अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने के बावजूद समयपालनता के मामले में देशभर के क्षेत्रीय रेलवे में पहला स्थान हासिल किया है। रेलवे ने 96.51 प्रतिशत समयपालनता दर्ज कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से विभिन्न प्रमुख गंतव्यों के लिए कई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके साथ ही यात्रियों की अतिरिक्त जरूरतों को पूरा करने के लिए आवश्यकता के अनुसार अन्य विशेष रेलसेवाएं भी चलाई जा रही हैं।

अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के बीच नियमित रेलसेवाओं का समयबद्ध परिचालन बनाए रखने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना तैयार की। ट्रेनों के संचालन की लगातार निगरानी, बेहतर परिचालन समन्वय और अधिकारियों व कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों से यह उपलब्धि हासिल हुई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। त्योहारी सीजन में अतिरिक्त ट्रेनों के संचालन के साथ समयपालनता बनाए रखने के लिए विशेष प्रयास किए गए। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय रेलकर्मियों के समर्पण, बेहतर समन्वय और निरंतर प्रयासों को दिया।