माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत, डीआईजी ने पैदल निरीक्षण कर परखी तैयारियां

माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत, डीआईजी ने पैदल निरीक्षण कर परखी तैयारियां

कटरा से भवन तक पुराने और नए यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण, पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और खुफिया एजेंसियों के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर

जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में स्थित माता वैष्णो देवी धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में शुक्रवार को डीआईजी (उधमपुर-रियासी रेंज) स्वर्ण सिंह कोतवाल ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों के साथ कटरा से भवन तक पुराने और नए यात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कटरा स्थित आधार शिविर में डीआईजी स्वर्ण सिंह कोतवाल की अध्यक्षता में सुरक्षा समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें रियासी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुकुंद तिबरेवाल के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सेना, अपराध जांच विभाग (सीआईडी), खुफिया ब्यूरो (आईबी) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

बैठक में मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत रखने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा हर गतिविधि पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

बैठक के बाद डीआईजी ने अधिकारियों के साथ दोनों यात्रा मार्गों पर पैदल गश्त की। इस दौरान सुरक्षा बलों की तैनाती, निगरानी व्यवस्था, संवेदनशील स्थानों और पुलिस चौकियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं की तलाशी, सामान की जांच और सुरक्षा जांच केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं को भी परखा गया।

डीआईजी ने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर स्थापित सभी पुलिस चौकियां, निगरानी उपकरण और सुरक्षा व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए पुलिस, अर्धसैनिक बलों, सेना और खुफिया एजेंसियों के बीच लगातार बेहतर तालमेल बनाए रखा जाए, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

गौरतलब है कि वर्ष 2026 के पहले 10 महीनों यानी जनवरी से अक्टूबर तक 83.20 लाख श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं। यह संख्या वर्ष 2025 में पूरे साल दर्शन करने पहुंचे 69.78 लाख श्रद्धालुओं से भी अधिक है। श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

पुलिस प्रशासन की इस व्यापक सुरक्षा समीक्षा और जमीनी निरीक्षण का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और यात्रा को सुचारु बनाए रखना है। अधिकारियों ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को पूरी सतर्कता, बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।