छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी पहल, प्रयागराज मंडल के 6 प्रमुख स्टेशनों पर 12 नवंबर को 166 विशेष ट्रेनों का ठहराव

छठ पर्व पर रेलवे की बड़ी पहल, प्रयागराज मंडल के 6 प्रमुख स्टेशनों पर 12 नवंबर को 166 विशेष ट्रेनों का ठहराव

10 से 12 नवंबर तक 310 टीओडी विशेष ट्रेनों का संचालन, यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए रेलवे ने किए व्यापक इंतजाम

प्रयागराज, 12 नवंबर। छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने विशेष रेल परिचालन की व्यापक व्यवस्था की है। यात्रियों को राहत देने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन करने के साथ ही मंडल के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ट्रेन ऑन डिमांड (टीओडी) विशेष ट्रेनों को ठहराव दिया जा रहा है। 12 नवंबर को इन स्टेशनों पर कुल 166 विशेष ट्रेनों का ठहराव हुआ, जबकि 10 से 12 नवंबर तक कुल 475 ठहराव दर्ज किए गए।

रेलवे की ओर से प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, गोविंदपुरी, प्रयागराज छिवकी और सूबेदारगंज स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। 12 नवंबर को गोविंदपुरी स्टेशन पर सबसे अधिक 44 विशेष ट्रेनों का ठहराव हुआ। वहीं कानपुर सेंट्रल पर 30, अलीगढ़ जंक्शन पर 21, प्रयागराज जंक्शन पर 20, प्रयागराज छिवकी पर 27 और सूबेदारगंज स्टेशन पर 24 विशेष ट्रेनों को ठहराव मिला।

इसके अलावा 10 से 12 नवंबर के बीच प्रयागराज मंडल में कुल 310 टीओडी विशेष ट्रेनों का संचालन किया गया। इनमें 22 ट्रेनें ऐसी रहीं, जिन्हें प्रयागराज मंडल से प्रारंभ किया गया। आंकड़ों के अनुसार 10 नवंबर को 94, 11 नवंबर को 111 और 12 नवंबर को 105 विशेष ट्रेनों का संचालन हुआ।

भीड़ नियंत्रण के लिए वार रूम से निगरानी

स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने वार रूम स्थापित कर अधिकारियों और संबंधित स्टेशनों के बीच समन्वय व्यवस्था मजबूत की है। यहां से विशेष ट्रेनों के संचालन, यात्रियों की भीड़ और यात्री सुविधाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्रमुख और संवेदनशील स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस के अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। वहीं वाणिज्य विभाग के अतिरिक्त कर्मचारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त व्यवस्था करने के साथ यात्रियों को टिकट संबंधी सहायता और जरूरी जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वारों के साथ प्रतीक्षालयों में यात्रियों की आवाजाही व्यवस्थित रखने के लिए भी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। परिचालन, वाणिज्य और सुरक्षा विभाग के अधिकारी आपसी तालमेल से काम कर रहे हैं।

रेलवे प्रशासन का कहना है कि विशेष ट्रेनों के संचालन और प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव का उद्देश्य नियमित ट्रेनों पर भीड़ का दबाव कम करना और छठ पर्व पर घर जाने वाले यात्रियों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराना है।