श्री कपिल मुनि मेले के लिए रेलवे चलाएगा 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें, 23 और 24 नवंबर को मिलेगी सुविधा

बीकानेर। कोलायत में 24 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले श्री कपिल मुनि मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे की ओर से लालगढ़-कोलायत-लालगढ़ के बीच 3 जोड़ी अनारक्षित स्पेशल रेलसेवाओं का संचालन किया जाएगा। इन ट्रेनों से मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार पहली स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 04733 लालगढ़ से 23 और 24 नवंबर को शाम 4:00 बजे रवाना होकर 5:10 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04734 कोलायत से शाम 6:15 बजे रवाना होकर 7:15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।

दूसरी स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 04739 लालगढ़ से 24 नवंबर को सुबह 5:35 बजे रवाना होकर 6:50 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04740 सुबह 7:20 बजे कोलायत से रवाना होकर 8:15 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।

वहीं, तीसरी स्पेशल ट्रेन गाड़ी संख्या 04741 लालगढ़ से 24 नवंबर को सुबह 10:50 बजे रवाना होकर दोपहर 12:00 बजे कोलायत पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04742 दोपहर 12:40 बजे कोलायत से रवाना होकर 1:40 बजे लालगढ़ पहुंचेगी।

तीनों जोड़ी स्पेशल रेलसेवाओं का ठहराव नाल हॉल्ट और गजनेर स्टेशन पर होगा। प्रत्येक ट्रेन में 10 साधारण श्रेणी के डिब्बों और 2 गार्ड डिब्बों सहित कुल 12 डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे की इस व्यवस्था से श्री कपिल मुनि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें यात्रा के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।