त्योहारों पर रेलवे की सौगात, भागलपुर से जयपुर के लिए 18 नवंबर को चलेगी एकतरफा स्पेशल ट्रेन

त्योहारों पर रेलवे की सौगात, भागलपुर से जयपुर के लिए 18 नवंबर को चलेगी एकतरफा स्पेशल ट्रेन

भागलपुर-जयपुर के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन

त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा भागलपुर से जयपुर के बीच एकतरफा स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। इस विशेष रेलसेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी। साथ ही नियमित ट्रेनों में यात्रियों का दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 09722 भागलपुर-जयपुर एकतरफा स्पेशल ट्रेन 18 नवंबर 2026 को भागलपुर से रात 21:30 बजे रवाना होगी और विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए 20 नवंबर को सुबह 03:30 बजे जयपुर पहुंचेगी।

यह ट्रेन सुल्तानगंज, जमालपुर, अभयपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना, दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, सूबेदारगंज, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई, दौसा और गांधीनगर जयपुर स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 10 द्वितीय शयनयान श्रेणी, 6 साधारण श्रेणी और 2 गार्ड डिब्बे शामिल होंगे। रेलवे की इस पहल से त्योहारों के दौरान यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी और उनकी यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सकेगी।