कासगंज रेलवे स्टेशन पर चाकू के साथ एटा का शातिर चोर जीआरपी ने दबोचा

कासगंज। जीआरपी पुलिस ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान एक शातिर आरोपी को अवैध चाकू के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान विक्रम चक (28) पुत्र राकेश निवासी मोहल्ला लुहारी दरवाजा, कस्बा अलीगंज, जनपद एटा के रूप में हुई। पुलिस ने उसे प्लेटफार्म नंबर एक के मथुरा छोर पर वर्किंग ट्रैक के पास से दोपहर 12:05 बजे गिरफ्तार किया।

जीआरपी के अनुसार आरोपी रेलवे स्टेशन पर चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। इस मामले में थाना जीआरपी कासगंज पर मुकदमा अपराध संख्या 34/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक विक्रम वर्ष 2021 में अलीगंज के मोहल्ला काजी निवासी लालू शर्मा के घर से मोबाइल और नकदी चोरी के मामले में जेल जा चुका है। अगस्त 2024 में सुधीर कुमार के घर से तीन मोबाइल, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और नकदी चोरी के मामले में भी उसकी गिरफ्तारी हुई थी। इन दोनों मामलों में अलीगंज थाने में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

कार्रवाई थानाध्यक्ष कोमल कुंतल के नेतृत्व में की गई। टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद नाजिर, हेड कांस्टेबल दीपक कुमार, कांस्टेबल कमल किशोर और कांस्टेबल सौरभ कुमार शामिल रहे।