इज्जतनगर मंडल के स्टेशनों पर भोजन की बर्बादी रोकने को चलाया जागरूकता अभियान

पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026 के चौथे दिन विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर भोजन की बर्बादी रोकने और सतत खाद्य प्रणालियों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। 1 से 7 नवंबर तक आयोजित इस सप्ताह के तहत 4 नवंबर को ?सतत खाद्य प्रणालियों को अपनाएं? विषय पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के समन्वय में फतेहगढ़, फर्रुखाबाद, कासगंज, बरेली सिटी, इज्जतनगर, काठगोदाम, पीलीभीत, भोजीपुरा, लालकुआं, हल्द्वानी और रुद्रपुर सिटी सहित विभिन्न स्टेशनों पर यात्रियों, खानपान विक्रेताओं और रेल कर्मचारियों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान यात्रियों से अपील की गई कि वे आवश्यकता के अनुसार ही भोजन लें और उसे व्यर्थ न छोड़ें। वहीं, खानपान विक्रेताओं को मांग के अनुरूप भोजन तैयार करने, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करने और बचे हुए खाद्य अपशिष्ट का निर्धारित कूड़ेदान में निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भोजन की बर्बादी रोकना प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इज्जतनगर मंडल की ओर से सप्ताह के दौरान प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर यात्रियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।