खड़ाईच में लगा दीनदयाल पशु आरोग्य मेला, 265 पशुओं का हुआ निःशुल्क उपचार

देवरिया। विकास खण्ड बैतालपुर के ग्राम पंचायत खड़ाईच में पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। मेले का नेतृत्व पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने किया।मेले का उद्घाटन महुआडीह भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय ने गौ-पूजन एवं फीता काटकर किया। इसके बाद पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सभा को संबोधित किया गया।
अपने संबोधन में मंडल अध्यक्ष विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि सरकार पशुपालकों को विभागीय योजनाओं का लाभ देने के लिए इस तरह के पशु आरोग्य मेलों का आयोजन कर रही है, ताकि पशुपालकों को एक ही स्थान पर उपचार, दवा और योजनाओं की जानकारी मिल सके।
मेले में पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी ने पशुपालकों का पंजीकरण कर उन्हें मुख्यमंत्री प्रगतिशील पशुपालक प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, नंदिनी कृषक समृद्धि योजना, बकरी पालन एवं पशुधन बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दिग्विजय यादव ने शिविर में आए पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया और पशुपालकों को मौसमी बीमारियों, बांझपन और कृमि रोग से बचाव के उपाय बताए।शिविर में कुल 265 पशुओं का उपचार किया गया तथा निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस अवसर पर सुभाष चन्द्र, महेन्द्र यादव, राजकुमार यादव, पंकज मणि, रजनीश यादव, चेतन मणि एवं दुष्यंत तिवारी ने विशेष सहयोग किया।