इज्जतनगर मंडल में ऊर्जा संरक्षण को लेकर विशेष सेमिनार, रेलकर्मियों और यात्रियों को किया जागरूक

इज्जतनगर मंडल में ऊर्जा संरक्षण को लेकर विशेष सेमिनार, रेलकर्मियों और यात्रियों को किया जागरूक

ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक के दूसरे दिन ऊर्जा बचत का दिलाया संकल्प, स्टेशनों पर लगाए जागरूकता पोस्टर

बरेली। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित ब्रिक्स सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में ऊर्जा संरक्षण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दूसरे दिन 02 नवंबर को मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन और वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सत्येंद्र कुमार यादव के नेतृत्व में एमडीडीटीआई इज्जतनगर में विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में रेलवे अधिकारियों, कर्मचारियों, हाउसकीपिंग स्टाफ और रेल यात्रियों को बिजली की बचत तथा विद्युत उपकरणों के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बिजली बचाएंगे और अपने परिवार तथा समाज के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर सत्येंद्र कुमार यादव ने कहा कि कार्यालयों, रेलवे स्टेशनों और अन्य परिसरों में आवश्यकता नहीं होने पर लाइट, पंखे, एयर कंडीशनर और अन्य विद्युत उपकरण बंद रखकर बिजली की अनावश्यक खपत रोकी जा सकती है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से ऊर्जा संरक्षण को अपनी दैनिक कार्यशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।

अभियान के तहत मंडल के विभिन्न कार्यालयों और रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल डिस्प्ले के माध्यम से ऊर्जा बचत के संदेश प्रसारित किए गए। आकर्षक पोस्टर लगाए गए और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के जरिए यात्रियों को भी जागरूक किया गया। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य ऊर्जा संरक्षण को केवल अभियान तक सीमित न रखकर दैनिक जीवन और कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना है।