जयपुर-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का बदला रास्ता, 4 नवंबर से 3 फेरे लगाएगी रेलसेवा

जयपुर-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का बदला रास्ता, 4 नवंबर से 3 फेरे लगाएगी रेलसेवा

पं. दीनदयाल उपाध्याय और आसनसोल के बीच परिवर्तित मार्ग से चलेगी ट्रेन, यात्रियों को पहले से जानकारी लेने की सलाह

जयपुर। त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए संचालित की जा रही खातीपुरा (जयपुर)-कोलकाता-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल रेलसेवा के संचालन में बदलाव किया गया है। परिचालनिक कारणों के चलते रेलवे ने इस ट्रेन को पंडित दीनदयाल उपाध्याय और आसनसोल स्टेशनों के बीच परिवर्तित मार्ग से संचालित करने का निर्णय लिया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 09709 खातीपुरा-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 4 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक कुल 3 फेरे लगाएगी। यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को खातीपुरा से दोपहर 3:45 बजे रवाना होकर शुक्रवार को सुबह 2 बजे कोलकाता पहुंचेगी।

इसी प्रकार, वापसी में गाड़ी संख्या 09710 कोलकाता-खातीपुरा साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 6 नवंबर से 20 नवंबर 2026 तक कुल 3 फेरे लगाएगी। यह प्रत्येक शुक्रवार को सुबह 5 बजे कोलकाता से रवाना होकर शनिवार को दोपहर 2:40 बजे खातीपुरा पहुंचेगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

रेलवे के अनुसार, ट्रेन दोनों दिशाओं में दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, बक्सर, आरा, दानापुर, पटना, बख्तियारपुर, मोकामा, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर जंक्शन, चित्तरंजन, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्द्धमान, बैंडेल और नैहाटी स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

22 डिब्बों से संचालित होगी ट्रेन

इस स्पेशल रेलसेवा में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 22 डिब्बे लगाए जाएंगे। इनमें 3 सेकंड एसी, 13 थर्ड एसी, 4 द्वितीय शयनयान और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के परिवर्तित मार्ग और समय-सारणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।