अम्बाला मंडल में विशेष टिकट जांच अभियान, 627 यात्रियों पर कार्रवाई, 5.18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

अम्बाला मंडल में विशेष टिकट जांच अभियान, 627 यात्रियों पर कार्रवाई, 5.18 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

सहारनपुर की टीम रही सबसे आगे, 272 मामलों में 2.18 लाख रुपये का राजस्व अर्जित

अम्बाला। रेलवे की ओर से बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 31 अक्टूबर को उत्तर रेलवे के अम्बाला मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान (फोर्ट्रेस चेक) चलाया गया। अभियान के दौरान कुल 627 मामले पकड़े गए, जिनसे रेलवे को 5,18,355 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के निर्देश पर मंडल वाणिज्य प्रबंधक और सहायक वाणिज्य प्रबंधक की निगरानी में यह अभियान चलाया गया। इसके लिए मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर टिकट जांच कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात की गई थीं।

जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा के 321 मामले, अनियमित टिकट के 302 मामले और अन्य श्रेणी के 4 मामले पकड़े गए। मुख्यालयवार प्रदर्शन में सहारनपुर की टीम सबसे आगे रही। टीम ने 272 मामले पकड़कर 2,18,360 रुपये का राजस्व अर्जित किया। वहीं अम्बाला छावनी की टीम ने 171 मामलों में 1,50,620 रुपये, बठिंडा की टीम ने 97 मामलों में 75,125 रुपये, सिरसा की टीम ने 58 मामलों में 56,200 रुपये और पटियाला की टीम ने 29 मामलों में 18,050 रुपये का राजस्व अर्जित किया।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित और वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। बिना टिकट या अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई और जुर्माना लगाया जाएगा। मंडल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा के साथ-साथ टिकट रहित यात्रा पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।