इज्जतनगर मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रेलकर्मियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

इज्जतनगर मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रेलकर्मियों ने ली एकता और अखंडता की शपथ

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के नेतृत्व में निकाली गई एकता दौड़ एवं वाकाथन, नुक्कड़ नाटक से यात्रियों को किया जागरूक

बरेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर इज्जतनगर स्थित रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम में शपथ ग्रहण, एकता दौड़ एवं वाकाथन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रेल अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया।

केंद्रीय सतर्कता आयोग के निर्देशानुसार मंडल में 26 अक्टूबर से 01 नवंबर तक ?सतर्कता जागरूकता सप्ताह-2026? मनाया जा रहा है। इस वर्ष इसकी थीम ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखी गई है।

कार्यक्रम के दौरान मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी को सरदार वल्लभभाई पटेल की दूरदर्शिता और देश के प्रति उनके योगदान से लोगों को अवगत कराने के साथ ही राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया।

इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक के नेतृत्व में रेलवे स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोड नंबर-04 से रेलवे अधिकारी क्लब, रोड नंबर-02 तक एकता दौड़ एवं वाकाथन निकाली गई। इसमें मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देश की अखंडता का संदेश दिया गया।

वहीं, सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत इज्जतनगर रेलवे स्टेशन पर रेलकर्मियों ने यात्रियों के सामने ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से यात्रियों को भ्रष्टाचार के प्रति जागरूक करते हुए ईमानदारी और पारदर्शिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी संदीप सिंह ने किया।