हरदोई में फेसबुक पोस्ट को लेकर सोशल मीडिया पर बवाल, पत्रकार ने पुलिस को दी तहरीर, अभद्र टिप्पणी और धमकी देने का आरोप

हरदोई। सोशल मीडिया पर पोस्ट और टिप्पणियों को लेकर विवाद के मामले में ?मरियम टाइम्स? हिंदी दैनिक के संपादक एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार कलीम उल्ला फारुकी ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फेसबुक पर उनके विरुद्ध अभद्र और असंसदीय टिप्पणियां की गईं तथा उन्हें धमकी दी गई।
तहरीर के मुताबिक, AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी के एक भाषण के वायरल होने के बाद पत्रकार ने अपने फेसबुक पेज पर ?यूपी में अब्दुल दरी नहीं बिछाता है? शीर्षक से पोस्ट साझा की थी। आरोप है कि इसके जवाब में 21 अक्टूबर को मालिक मोनिस नामक व्यक्ति ने उनकी तस्वीर के साथ पोस्ट डाली, जिसमें उनके बारे में आपत्तिजनक बातें लिखी गईं। पत्रकार का कहना है कि पोस्ट पर कई लोगों ने अमर्यादित टिप्पणियां की।
कलीम उल्ला फारुकी ने बताया कि इस संबंध में 22 अक्टूबर को पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी गई थी। उनके अनुसार, साइबर क्राइम पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इसी बीच 30 अक्टूबर को दोबारा फेसबुक पर उनके खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गईं। तहरीर में शादाब अली निवासी मोमिनाबाद, आफताब बेग, शहनवाज, जाबिर खान, इलियास खान और एक AIMIM अकाउंट सहित कई लोगों के नामों का उल्लेख किया गया है।
पत्रकार ने आरोप लगाया कि लगातार टिप्पणियों से उनकी सामाजिक और पेशेवर छवि प्रभावित हो रही है। उन्होंने जान-माल की सुरक्षा को लेकर आशंका जताते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाली प्रभारी संजय त्यागी ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।