साबरमती और वाराणसी के बीच चलेगी नई दैनिक ट्रेन, 30 अक्टूबर को उद्घाटन विशेष गाड़ी को दिखाई जाएगी हरी झंडी

साबरमती और वाराणसी के बीच चलेगी नई दैनिक ट्रेन, 30 अक्टूबर को उद्घाटन विशेष गाड़ी को दिखाई जाएगी हरी झंडी

जयपुर और आगरा समेत कई प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी नई ट्रेन

साबरमती और वाराणसी के बीच रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए नई दैनिक ट्रेन संख्या 12206/12205 चलाने का निर्णय लिया गया है। इस ट्रेन का शुभारंभ 30 अक्टूबर 2026 को उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 09405 के रूप में साबरमती से किया जाएगा। नई ट्रेन के संचालन से दोनों शहरों के बीच रेल संपर्क मजबूत होने के साथ रास्ते में पड़ने वाले प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

रेल प्रशासन के अनुसार, उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 09405 साबरमती से शुक्रवार 30 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर और अजमेर होते हुए जयपुर पहुंचेगी। इसके बाद गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई और भरतपुर स्टेशनों से गुजरते हुए आगरा, टूंडला, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर के रास्ते वाराणसी पहुंचेगी।

जयपुर से रात 19:50 बजे गुजरेगी उद्घाटन विशेष ट्रेन

निर्धारित समय सारणी के अनुसार, उद्घाटन विशेष ट्रेन 30 अक्टूबर को शाम 17:35 बजे अजमेर पहुंचेगी और 17:40 बजे रवाना होगी। इसके बाद किशनगढ़ से होते हुए रात 19:50 बजे जयपुर जंक्शन पहुंचेगी। यहां से 19:55 बजे रवाना होकर रात 20:06 बजे गांधीनगर जयपुर पहुंचेगी और 20:09 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी।

ट्रेन रात 23:40 बजे भरतपुर पहुंचेगी। इसके बाद आगरा के ईदगाह जंक्शन और टूंडला होते हुए अगले दिन सुबह 05:03 बजे गोविंदपुरी पहुंचेगी। निर्धारित समय के अनुसार, ट्रेन सुबह 07:25 बजे सूबेदारगंज और 08:58 बजे मिर्जापुर पहुंचेगी। अंत में उद्घाटन विशेष गाड़ी 31 अक्टूबर को सुबह 11:40 बजे वाराणसी जंक्शन पहुंचेगी।

22 एलएचबी कोच से सुसज्जित होगी ट्रेन

उद्घाटन विशेष ट्रेन में कुल 22 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें 1 वातानुकूलित प्रथम श्रेणी, 2 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी, 6 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, 6 शयनयान श्रेणी, 5 सामान्य श्रेणी और 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। इस संरचना से विभिन्न श्रेणियों के यात्रियों को यात्रा का विकल्प मिलेगा।

रेल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन संख्या 12206/12205 साबरमती-वाराणसी-दैनिक के नियमित संचालन की तारीख और समय सारणी की सूचना बाद में जारी की जाएगी। फिलहाल 30 अक्टूबर को उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 09405 के संचालन की घोषणा की गई है।