Chandauli News:वरिष्ठता में आगे, फिर भी सर्किल की कमान से दूर महिला सीओ डॉ. चारू द्विवेदी पांच सर्किलों वाले चंदौली में अनुभवी महिला अधिकारी को नहीं मिला प्रभार, मिशन शक्ति के बीच महिला नेतृत्व को लेकर


सीओ लाइन तक सीमित जिम्मेदारी, वरिष्ठता और अनुभव के अनुरूप तैनाती मिलने का इंतजार

संवाददाता कार्तिकेय पाण्डेय

चंदौली। प्रदेश सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने के लिए मिशन शक्ति अभियान चला रही है।पुलिस विभाग भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भीतर आत्मविश्वास जगाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। लेकिन चंदौली पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। जिले में तैनात महिला पुलिस क्षेत्राधिकारी डॉ. चारू द्विवेदी को अब तक किसी सर्किल का प्रभार नहीं मिलना चर्चा का विषय बना हुआ है। खास बात यह है कि वह जिले में तैनात क्षेत्राधिकारियों में वरिष्ठ हैं। इसके बावजूद सर्किल की जिम्मेदारी उन्हें नहीं सौंपी गई है।

डॉ. चारू द्विवेदी वर्ष 2016 बैच की पीपीएस अधिकारी हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में उनका अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) पद पर प्रमोशन हो सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब तक वह चंदौली में तैनात हैं, तब तक उनकी वरिष्ठता और अनुभव के अनुरूप उन्हें सर्किल की जिम्मेदारी क्यों नहीं दी जा रही है।

*वरिष्ठता के बावजूद नहीं मिली सर्किल की कमान*
जिले में पांच पुलिस सर्किल हैं,जिनकी जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारियों के पास है। वहीं,डॉ. चारू द्विवेदी को सीओ लाइन का दायित्व दिया गया है। सीओ लाइन के रूप में उन्हें विभागीय कार्यों की जिम्मेदारी निभानी पड़ रही है,लेकिन किसी सर्किल का प्रभार नहीं मिला है। सर्किल की जिम्मेदारी मिलने से उन्हें क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था,अपराध नियंत्रण और पुलिसिंग के संचालन में प्रत्यक्ष भूमिका निभाने का अवसर मिल सकता है।

*मिशन शक्ति के संदेश और विभागीय व्यवस्था पर सवाल*
मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को आगे बढ़ने, अपनी बात बेझिझक रखने और नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। ऐसे में पुलिस विभाग के भीतर वरिष्ठ महिला अधिकारी को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दिए जाने का मामला भी अहम हो जाता है।डॉ. चारू द्विवेदी महिला जागरूकता और मिशन शक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती रही हैं।ऐसे में उनकी वरिष्ठता और अनुभव के अनुसार जिम्मेदारी दिए जाने की मांग को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

*प्रमोशन से पहले जिम्मेदारी देने पर चर्चा*
विभागीय सूत्रों के अनुसार, डॉ.चारू द्विवेदी का जल्द ही एएसपी पद पर प्रमोशन होने की संभावना है।हालांकि,पदोन्नति की आधिकारिक पुष्टि और समयसीमा संबंधित विभागीय आदेश से ही स्पष्ट होगी। इसके बावजूद, जब तक वह जिले में सीओ के पद पर तैनात हैं, तब तक उन्हें सर्किल का प्रभार दिए जाने की संभावना पर चर्चा हो रही है। अब देखना यह है कि पुलिस विभाग उनकी वरिष्ठता और अनुभव को ध्यान में रखते हुए उन्हें कोई सर्किल सौंपता है या नहीं।