पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, लाचित बरफुकन खेल परिसर का उद्घाटन

पूर्वोत्तर सीमा रेलवे में सतर्कता जागरूकता सप्ताह शुरू, लाचित बरफुकन खेल परिसर का उद्घाटन

महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने किया खेल परिसर का शुभारंभ, खिलाड़ियों को मिलेगी तीरंदाजी प्रशिक्षण और सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक की सुविधा

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (एनएफआर) में सोमवार 26 अक्टूबर 2026 से सतर्कता जागरूकता सप्ताह की शुरुआत हुई। यह सप्ताह 1 नवंबर तक मनाया जाएगा। इस अवसर पर गुवाहाटी के मालीगांव स्थित बीजी कॉलोनी क्षेत्र में नवनिर्मित लाचित बरफुकन खेलकूद परिसर का भी उद्घाटन किया गया। एनएफआर के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने वरिष्ठ रेल अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति में खेल परिसर एवं एथलेटिक्स मैदान का शुभारंभ किया।

सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2026 की थीम ?सत्यनिष्ठा से समृद्धि? रखी गई है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक सेवाओं में ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ावा देना है। सप्ताह का शुभारंभ मालीगांव स्थित एनएफआर मुख्यालय में अपर महाप्रबंधक तथा एनएफआर निर्माण संगठन के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) की उपस्थिति में हुआ। कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सत्यनिष्ठा की शपथ ली और वॉकथॉन में भाग लेकर भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूकता का संदेश दिया।

सप्ताहभर होंगे जागरूकता कार्यक्रम

सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान रेलकर्मियों को नैतिक आचरण और जिम्मेदार कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें नुक्कड़ नाटक, सतर्कता बुलेटिन का विमोचन और ?अनुबंध प्रबंधन में निवारक सतर्कता? विषय पर कार्यशाला शामिल हैं।

इन कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार करना, अनियमितताओं की रोकथाम करना और रेलवे के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत बनाना है। एनएफआर प्रशासन के अनुसार, निवारक सतर्कता के माध्यम से कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

तीरंदाजी और एथलेटिक्स के लिए आधुनिक सुविधाएं

इसी अवसर पर मालीगांव में सिरिशा रेल उद्यान के पास नवनिर्मित लाचित बरफुकन खेलकूद परिसर में तीरंदाजी प्रशिक्षण सुविधा और आधुनिक सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का उद्घाटन किया गया। इन सुविधाओं से उभरते खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। वहीं, अनुभवी खिलाड़ी अपनी तकनीक, शारीरिक क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन को बेहतर बना सकेंगे।

नया खेल परिसर पूर्वोत्तर सीमा रेलवे के खेल बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और अपनी क्षमता निखारने के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है।

एनएफआर के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा के अनुसार, इन पहलों के माध्यम से रेलवे में सत्यनिष्ठा, अनुशासन और समर्पण के मूल्यों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। जहां सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम पारदर्शी एवं जिम्मेदार कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करेंगे, वहीं नया खेल परिसर खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन करने और रेलवे तथा देश का नाम रोशन करने के अवसर उपलब्ध कराएगा।