जयपुर के पत्रिका गेट पर स्वच्छता प्रदर्शनी और रेल जन संवाद, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने दिया जागरूकता का संदेश

जयपुर के पत्रिका गेट पर स्वच्छता प्रदर्शनी और रेल जन संवाद, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने दिया जागरूकता का संदेश

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे की ओर से विशेष अभियान 6.0 के तहत शुक्रवार, 23 अक्टूबर 2026 को जयपुर के पत्रिका गेट पर स्वच्छता प्रदर्शनी एवं रेल जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से आमजन को रेलवे परिसरों और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने स्वच्छता प्रदर्शनी का अवलोकन किया और रेलवे में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। नुक्कड़ नाटक, लघु फिल्म, प्रदर्शनी और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से लोगों को स्वच्छता का महत्व समझाया गया। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल के बैंड दल ने भी प्रस्तुतियां दीं।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक 8,000 से अधिक स्वच्छता लक्षित इकाइयों को चिह्नित कर उनके सुधार की दिशा में काम किया गया। अभियान में सार्वजनिक स्थलों, विद्यालयों और रेलवे परिसरों में सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं। इनमें सफाई मित्रों, यात्रियों और आमजन ने भागीदारी की।

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान 6.0 के तहत ई-कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है। 22 अक्टूबर को रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर आयोजित रेल जन संवाद कार्यक्रमों में यात्रियों से रेल सुविधाओं, स्वच्छता और यात्रा संबंधी समस्याओं पर सुझाव लिए गए। प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार के लिए कार्रवाई की जा रही है।

महाप्रबंधक ने कहा कि स्वच्छता को अपनी आदत और कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना जरूरी है। रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में यात्रियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक जे.एस. लाकरा, जयपुर मंडल रेल प्रबंधक रवि जैन, रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी, मीडिया प्रतिनिधि और आमजन मौजूद रहे।