इज्जतनगर मंडल के 42 प्रमुख स्टेशनों सहित अन्य स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से लिए सुझाव

इज्जतनगर मंडल के 42 प्रमुख स्टेशनों सहित अन्य स्टेशनों पर रेल जन संवाद, यात्रियों से लिए सुझाव

रेल जन संवाद से सुधरेंगी यात्री सुविधाएं

बरेली। विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 के तहत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के 42 प्रमुख स्टेशनों सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर 22 अक्टूबर को ?रेल जन संवाद? कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे बातचीत कर स्वच्छता, पेयजल, खानपान और अन्य यात्री सुविधाओं के संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रियाएं प्राप्त कीं।

बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने मुख्यालय गोरखपुर से आए प्रमुख विभागाध्यक्षों और मंडल के शाखा अधिकारियों के साथ यात्रियों से संवाद किया। वहीं, काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने यात्रियों की समस्याएं सुनीं। मंडल के अन्य स्टेशनों पर भी नामित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और अपेक्षाओं की जानकारी प्राप्त की।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने यात्रियों को आश्वस्त किया कि उनसे प्राप्त सुझावों और शिकायतों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसरों और रेलपथ के आसपास स्वच्छता बनाए रखने, कचरे के उचित निस्तारण तथा ई-कचरे के संग्रह, पृथक्करण और सुरक्षित निपटान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

रेलवे परिसरों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने के साथ कबाड़ के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए ?वेस्ट टू वंडर? जैसी पहल भी की जा रही हैं। अभियान के दौरान यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करने और रेलवे सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया गया।

काठगोदाम, लालकुआं, हल्द्वानी, काशीपुर, रामनगर, रुद्रपुर सिटी, पीलीभीत, कासगंज, फर्रुखाबाद, कन्नौज, टनकपुर, इज्जतनगर, भोजीपुरा, खटीमा सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर भी रेल जन संवाद आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों की समस्याओं की पहचान कर उनका समाधान करने और रेलवे सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यात्रियों की सक्रिय भागीदारी से स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता सुनिश्चित करना तथा यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद बनाना है। ?रेल जन संवाद? के माध्यम से रेलवे और यात्रियों के बीच सीधा संवाद स्थापित कर यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।