बाल वाटिका के बच्चों ने निबंध और कला प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर, विजेता हुए सम्मानित

बाल वाटिका के बच्चों ने निबंध और कला प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर, विजेता हुए सम्मानित

प्रतिभाशाली बच्चों को किया पुरस्कृत

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की महिला कल्याण समिति द्वारा संचालित बाल वाटिका में 22 अक्टूबर 2026 को निबंध एवं कला प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर महिला कल्याण समिति की अध्यक्षा वंदना अग्रवाल, उपाध्यक्ष गुलशन वारिस और प्रज्ञा दीपक कुमार, सचिव निहारिका सिंह तथा कोषाध्यक्ष प्रिया मोहन तिवारी सहित मानसी जैन और समिति की अन्य सदस्य मौजूद रहीं। समिति की पदाधिकारियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों की सराहना की और पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बधाई दी।

समिति की पदाधिकारियों ने कहा कि निबंध और कला जैसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनसे बच्चों में आत्मविश्वास, सृजनात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। ऐसी प्रतियोगिताएं बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं।

महिला कल्याण समिति द्वारा बाल वाटिका में बच्चों के शैक्षणिक, बौद्धिक और रचनात्मक विकास के लिए समय-समय पर विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य बच्चों को सीखने के साथ अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर उपलब्ध कराना है।