मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, 20 नमूनों में 2 गैर-मानक मिले

मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच, 20 नमूनों में 2 गैर-मानक मिले

लाल चटनी और दाल में रंग की गड़बड़ी

मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने 22 अक्टूबर को गुलाबबाड़ी चुंगी क्षेत्र में जागरूकता, प्रशिक्षण और जांच अभियान चलाया। इस दौरान मोबाइल खाद्य सुरक्षा वाहन के माध्यम से 20 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें 2 नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। जांच में लाल चटनी में रंग और दाल में रंग से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिपाल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान 23 खाद्य कारोबारियों को जागरूक एवं प्रशिक्षित किया गया। अधिकारियों ने कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों से कहा गया कि वे खाद्य सामग्री और उसके घटकों की खरीद केवल भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण से लाइसेंस प्राप्त स्रोतों से करें। खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों के अनधिकृत इस्तेमाल से बचने की हिदायत भी दी गई।

विभाग ने खाद्य कारोबारियों को रसोईघर और खाद्य पदार्थ तैयार करने वाले स्थानों पर साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही भोजन तैयार करते समय सिर ढकने वाली टोपी, मुखौटा, एप्रन और दस्तानों का इस्तेमाल करने तथा कच्चे और तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने को कहा गया। सभी प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग के इस अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक करना और आम लोगों को सुरक्षित एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।