70 सीसीटीवी कैमरों और फास्टैग से खुला रेल तार चोरी का राज, 9 गिरफ्तार

70 सीसीटीवी कैमरों और फास्टैग से खुला रेल तार चोरी का राज, 9 गिरफ्तार

3.74 लाख रुपये का 1,294 मीटर कॉपर वायर बरामद, जोधपुर से प्रयागराज तक पहुंची आरपीएफ की जांच

जोधपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने आधुनिक तकनीक और सटीक जांच के दम पर रेलवे की लाखों रुपये की संपत्ति चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। बासनी रेलवे स्टेशन यार्ड से चोरी हुए 3.74 लाख रुपये मूल्य के 1,294 मीटर कैटेनरी कॉपर वायर की शत-प्रतिशत बरामदगी की गई है। मामले में चोरी करने वाले 8 आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले कबाड़ी समेत कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी भी जब्त की गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त नीतीश शर्मा ने बताया कि 16 और 17 अगस्त 2026 की रात बासनी रेलवे स्टेशन यार्ड में खड़े ओएचई टावर वैगन से कॉपर वायर चोरी हुआ था। इस संबंध में आरपीएफ पोस्ट भगत की कोठी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

70 कैमरों के फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड से मिला सुराग

सहायक सुरक्षा आयुक्त मुकेश कुमार के निर्देश और पर्यवेक्षण में जांच टीम ने घटनास्थल तथा आसपास लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान संदिग्ध पिकअप की पहचान हुई। इसके बाद टोल प्लाजा के फुटेज और फास्टैग रिकॉर्ड की मदद से वाहन की आवाजाही का पता लगाया गया। जांच टीम 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के करछना क्षेत्र स्थित देवरी खुर्द गांव पहुंची और यूपी 70 पीटी 6664 नंबर की पिकअप जब्त कर ली।

आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर सुलझाई वारदात

जांच के दौरान 23 अगस्त को नरेंद्र पटेल उर्फ कार्तिक, मनोज, शिवम पटेल, शुभम पटेल और नीरज कुमार पटेल को गिरफ्तार किया गया। इनसे मिले सुराग के आधार पर 28 अगस्त को राजकुमार पटेल, राहुल कुमार पटेल और रवि पटेल को भी गिरफ्तार किया गया।

जांच में सामने आया कि रवि पटेल बासनी रेलवे स्टेशन पर एक निजी कंपनी के अधीन टावर वैगन के रखरखाव कार्य से जुड़ा था। आरोप है कि उसने यार्ड में रखे कॉपर वायर की जानकारी देकर चोरी की योजना बनाने में मदद की।

प्रयागराज के कबाड़ी के गोदाम से मिला पूरा वायर

आगे की जांच में चोरी के कॉपर वायर को प्रयागराज के कीडगंज क्षेत्र में कबाड़ी रामदत्त मिश्रा को बेचे जाने की जानकारी मिली। आरपीएफ ने 19 अक्टूबर को रामदत्त मिश्रा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने 18 अगस्त को नरेंद्र पटेल उर्फ कार्तिक और राजकुमार पटेल से वायर खरीदने की बात स्वीकार की। उसके गोदाम से चोरी हुआ पूरा 1,294 मीटर कॉपर वायर बरामद कर लिया गया। कबाड़ी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

आरपीएफ की टीम की सराहना

इस कार्रवाई में निरीक्षक मदनलाल भाटी, उपनिरीक्षक सिद्धार्थ सिंह, सहायक उपनिरीक्षक ईश्वर लाल, हेड कांस्टेबल रामकिशोर तथा कांस्टेबल भंवरलाल खोजा और ललित कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, फास्टैग रिकॉर्ड और लगातार जांच के जरिए मामले की कड़ियां जोड़ते हुए रेलवे की चोरी हुई संपत्ति बरामद की।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने आरपीएफ की कार्यकुशलता की प्रशंसा की। इस कार्रवाई से रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए तकनीक आधारित निगरानी और प्रभावी जांच की अहमियत सामने आई है।