त्योहारों में रेलवे की बड़ी राहत, यशवंतपुर-जयपुर-बेंगलुरु कैंट के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

त्योहारों में रेलवे की बड़ी राहत, यशवंतपुर-जयपुर-बेंगलुरु कैंट के बीच चलेगी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन

6-6 फेरे लगाएगी स्पेशल ट्रेन, पुरी एक्सप्रेस के आंशिक रद्दीकरण की अवधि भी बढ़ी

जयपुर। त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने यशवंतपुर, जयपुर और बेंगलुरु कैंट के बीच साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। दोनों दिशाओं में यह रेलसेवा 6-6 फेरे लगाएगी। वहीं, खुर्दा रोड मंडल के पुरी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उन्नयन कार्य के चलते पुरी-श्रीगंगानगर-पुरी एक्सप्रेस के आंशिक रद्दीकरण की अवधि भी बढ़ाई गई है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 06543 यशवंतपुर-जयपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल 21 अक्टूबर से 25 नवंबर 2026 तक प्रत्येक बुधवार को यशवंतपुर से दोपहर 12 बजे रवाना होकर शुक्रवार सुबह 8 बजे जयपुर पहुंचेगी। इस रेलसेवा के संचालन से त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

यह ट्रेन तुमकूर, अरसीकेरे, बिरूर, दावणगेरे, हरिहर, हावेरि, हुब्बल्लि, धारवाड, बेलगावि, घटप्रभा, मिरज, सांगली, कराड, सातारा, पुणे, लोनावला, कल्याण, भिवंडी रोड, वसई रोड, वापी, वलसाड, उधना, वडोदरा, गोधरा, दाहोद, बामनिया, रतलाम, नागदा, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा, सवाई माधोपुर और दुर्गापुरा स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

इसी प्रकार, गाड़ी संख्या 06544 जयपुर-बेंगलुरु कैंट साप्ताहिक एक्सप्रेस स्पेशल 24 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार को जयपुर से सुबह 8:40 बजे रवाना होकर सोमवार सुबह 5:15 बजे बेंगलुरु कैंट पहुंचेगी। वापसी दिशा में यह रेलसेवा दुर्गापुरा, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंज मंडी, भवानी मंडी, नागदा, रतलाम, बामनिया, दाहोद, गोधरा, वडोदरा, उधना, वलसाड, वापी, वसई रोड, भिवंडी रोड, कल्याण, लोनावला, पुणे, सातारा, कराड, सांगली, मिरज, घटप्रभा, बेलगावि, धारवाड, हुब्बल्लि, हावेरि, हरिहर, दावणगेरे, बिरूर, अरसीकेरे, तुमकूर, एसएमवीटी बेंगलुरु और बेंगलुरु कैंट स्टेशनों पर रुकेगी।

इस स्पेशल ट्रेन में कुल 20 डिब्बे होंगे। इनमें प्रथम सह द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 2, द्वितीय वातानुकूलित श्रेणी के 3, तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के 13 और गार्ड के 2 डिब्बे शामिल हैं।

पुरी-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस के संचालन में बदलाव

पुरी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म उन्नयन कार्य के कारण गाड़ी संख्या 20471 श्रीगंगानगर-पुरी एक्सप्रेस 25 अक्टूबर से 10 जनवरी 2027 तक निर्धारित तिथियों पर मालतीपाटपुर स्टेशन तक ही संचालित होगी। निर्धारित तिथियों में यह ट्रेन श्रीगंगानगर से प्रस्थान कर मालतीपाटपुर स्टेशन पर सुबह 9:40 बजे तक पहुंचेगी। इसके आगे मालतीपाटपुर से पुरी के बीच रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 20472 पुरी-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 21 अक्टूबर 2026 से 6 जनवरी 2027 तक निर्धारित तिथियों पर पुरी के स्थान पर मालतीपाटपुर स्टेशन से सुबह 7:45 बजे रवाना होगी। इस दौरान पुरी से मालतीपाटपुर के बीच रेलसेवा आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले निर्धारित तिथियों और ट्रेन के बदले हुए संचालन की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।