मुरादाबाद में दुर्गा पूजा और रामलीला स्थलों पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

मुरादाबाद में दुर्गा पूजा और रामलीला स्थलों पर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

12 स्थलों पर अग्नि सुरक्षा जांच, निकास मार्ग खुले रखने के निर्देश

मुरादाबाद। दुर्गा पूजा, रामलीला और रावण दहन कार्यक्रमों को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए अग्निशमन विभाग अलर्ट हो गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले के विभिन्न दुर्गा पूजा स्थलों, रामलीला मैदानों और रावण दहन स्थलों का अग्नि सुरक्षा के दृष्टिकोण से निरीक्षण किया गया। इस दौरान आयोजकों और संबंधित कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।

निरीक्षण के दौरान प्रवेश द्वार और निकास मार्गों की जांच की गई। अग्निशमन विभाग की टीम ने आयोजकों से बातचीत कर निर्देश दिए कि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकास मार्ग हमेशा अवरोध मुक्त रखे जाएं। साथ ही निकास द्वारों पर स्पष्ट संकेतक लगाने और अग्नि सुरक्षा उपकरणों को चालू हालत में रखने के निर्देश भी दिए गए।

रामलीला मैदान और काली माता मंदिर पर तैनात किए गए अग्निशमन वाहन

पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर रामलीला ग्राउंड में 3 अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं। इनमें 1 वाटर बाउजर, 1 अग्निशमन वाहन और मीना बाजार के पास 1 मिनी अग्निशमन वाहन शामिल है। वहीं, काली माता मंदिर लालबाग चौकी पर 1 मिनी अग्निशमन वाहन और 1 फायर बुलेट तैनात की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देश पर बिलारी, कांठ, ठाकुरद्वारा, भोजपुर और सहसपुर सहित तहसील क्षेत्रों में अग्निशमन वाहन तैनात किए गए हैं। अन्य स्थानों पर भी आवश्यकता के अनुसार फायर बुलेट, अग्निशमन उपकरण, बालू और पानी की व्यवस्था कराई गई है।

इन प्रमुख स्थलों का किया गया निरीक्षण

अग्निशमन विभाग की ओर से सर्वोदय विकास समिति कालीबाड़ी, लाइनपार रामलीला ग्राउंड, काली माता मंदिर लालबाग, श्री राम कथा मंचन समिति लाजपत नगर, सहसपुर और बिलारी के रावण दहन स्थल, श्री मां दुर्गा प्राचीन सिद्धपीठ भोजपुर आशा, पंडित नगला रावण दहन स्थल, ग्राम चमरपुरा दान मुंडापांडेय, छराहा ठाकुरद्वारा, रतूपुरा, डिलारी और जटपुरा स्थित रामलीला स्थलों का निरीक्षण किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार जांच की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि सभी धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन सुरक्षित वातावरण में संपन्न हों तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रहें।