पूजा महोत्सव में यात्रियों को राहत, उधना-जयनगर की 3 विशेष ट्रेनों के मार्ग और समय में बदलाव

प्रयागराज। पूजा महोत्सव-2026 के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर मध्य रेलवे ने उधना-जयनगर-उधना के बीच संचालित होने वाली 3 साप्ताहिक अनारक्षित विशेष ट्रेनों के गंतव्य, मार्ग और समय में संशोधन किया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले संशोधित समय-सारणी की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।

रेलवे की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ट्रेन संख्या 09047/09048 उधना-जयनगर-उधना साप्ताहिक अनारक्षित विशेष ट्रेन का गंतव्य झांझरपुर के स्थान पर जयनगर कर दिया गया है। ट्रेन संख्या 09047 उधना से 18 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को 7 फेरे लगाएगी। वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 09048 जयनगर से 19 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को 7 फेरे संचालित होगी। उधना-सकरी खंड के बीच इस ट्रेन की समय-सारणी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 09073/09074 और 09071/09072 के मार्ग में भी परिवर्तन किया गया है। अब इन दोनों विशेष ट्रेनों का संचालन पहले निर्धारित मार्ग के स्थान पर पालधी, खंडवा, इटारसी, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी और पीडीडीयू जंक्शन होकर किया जाएगा।

ट्रेन संख्या 09073/09074 का संचालन

ट्रेन संख्या 09073 उधना से 18 और 25 अक्टूबर 2026 को रविवार के दिन रवाना होगी। यह ट्रेन चलथान, बारडोली, बयावरा, नंदुरबार, अमलनेर, जलगांव, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, मिर्जापुर और पीडीडीयू जंक्शन सहित विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए मंगलवार सुबह 5:40 बजे जयनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09074 जयनगर से 20 और 27 अक्टूबर को मंगलवार के दिन सुबह 9 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन निर्धारित स्टेशनों पर ठहरते हुए गुरुवार सुबह 1 बजे उधना पहुंचेगी।

ट्रेन संख्या 09071/09072 का संचालन

ट्रेन संख्या 09071 उधना से 18 और 25 अक्टूबर 2026 को रविवार के दिन दोपहर 1 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन निर्धारित मार्ग से होते हुए मंगलवार सुबह 8:30 बजे जयनगर पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09072 जयनगर से 20 और 27 अक्टूबर को मंगलवार के दिन सुबह 11:30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करते हुए गुरुवार सुबह 2:30 बजे उधना पहुंचेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के संशोधित मार्ग, समय और ठहराव की जानकारी रेल मदद, एनटीईएस ऐप या आधिकारिक रेलवे पूछताछ सेवा के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।