जोधपुर से कटरा तक रविवार से सीधी ट्रेन, वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

जोधपुर से कटरा तक रविवार से सीधी ट्रेन, वैष्णो देवी श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

जोधपुर। माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे ने जोधपुर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक सीधी रेल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस का विस्तार कटरा तक कर दिया है। नई व्यवस्था रविवार से लागू होगी। इससे यात्रियों को जम्मूतवी स्टेशन पर ट्रेन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा और वे सीधे कटरा तक सफर कर सकेंगे।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस रविवार से प्रतिदिन जोधपुर से शाम 7 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 6:55 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से प्रतिदिन सुबह 4:50 बजे कटरा से रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी।

3 नए स्टेशनों पर भी मिलेगा ठहराव

ट्रेन के विस्तार के साथ यात्रियों को मार्ग में 3 नए स्टेशनों पर ठहराव की सुविधा भी मिलेगी। इनमें साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों पर ठहराव होने से आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा और जम्मू क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी।

बुजुर्गों और परिवारों के लिए सुविधाजनक होगा सफर

जोधपुर से कटरा तक सीधी ट्रेन मिलने से वैष्णो देवी दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सामान लेकर एक ट्रेन से दूसरी ट्रेन में जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को सुविधा मिलेगी।

सीधी रेल सेवा से श्रद्धालु कटरा तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इससे धार्मिक यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ ही जोधपुर और जम्मू-कश्मीर के बीच रेल संपर्क को भी मजबूती मिलेगी।