उधारी के विवाद में मां-बेटे पर हमला, मां की मौत; बेटा गंभीर

आलापुर (अंबेडकरनगर)। राजेसुल्तानपुर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर कोड़रहा गांव में रुपये के लेन-देन और उधारी के विवाद में मां-बेटे पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर रूप से घायल 70 वर्षीय चंद्रावती देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र श्याम नरायन की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, श्याम नरायन पुत्र स्वर्गीय रामचेत पांडेय और उनकी माता चंद्रावती देवी पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने कथित तौर पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस थे। हमले में चंद्रावती देवी और उनके पुत्र श्याम नरायन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। इसके बाद स्वजन दोनों घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए महामाया राजकीय मेडिकल कॉलेज, टांडा रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर चिकित्सकों ने चंद्रावती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, श्याम नरायन का उपचार जारी है।

तहरीर के आधार पर मुकदमा, आरोपित गिरफ्तार
मामले में ऋषि तिवारी, ऋतिक तिवारी पुत्र इंद्रमणि, आशा तिवारी पत्नी इंद्रमणि, गरिमा पुत्री इंद्रमणि तथा आर्यन, सृष्टि और धर्मेंद्र के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

चंद्रावती देवी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई आज कराई जाएगी।

गांव में पुलिस बल तैनात
थानाध्यक्ष अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए देर रात से ही पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।