प्रयागराज मंडल में अंतर विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू

प्रयागराज मंडल में अंतर विभागीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता शुरू

रेलवे वॉलीबॉल प्रतियोगिता में आरपीएफ समेत चार विभागों ने दर्ज की जीत

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में अंतर विभागीय रेलवे वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन डीएसए ग्राउंड में 8 से 10 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने 8 अक्टूबर को प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें मंडल के आठ विभागों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए। पहले मुकाबले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने विद्युत परिचालन विभाग को हराया। दूसरे मुकाबले में इंजीनियरिंग विभाग ने विद्युत सामान्य विभाग को शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में यांत्रिक विभाग ने लेखा विभाग को पराजित किया, जबकि चौथे मुकाबले में परिचालन विभाग की टीम ने चिकित्सा विभाग पर जीत दर्ज की।

डीआरएम रजनीश अग्रवाल ने कहा कि खेलकूद से कर्मचारियों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होता है। साथ ही अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आपसी सहयोग और टीम भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।

प्रतियोगिता में परिचालन, विद्युत परिचालन, लेखा, विद्युत सामान्य, रेलवे सुरक्षा बल, यांत्रिक, इंजीनियरिंग और चिकित्सा विभाग की टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य रेल कर्मचारियों के बीच खेल भावना और आपसी सौहार्द को मजबूत करना है।