प्रयागराज छिवकी लॉबी में संरक्षा सेमिनार, 35 कर्मचारियों को सुरक्षित रेल संचालन का दिया प्रशिक्षण

प्रयागराज। रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं दुर्घटनारहित बनाने के उद्देश्य से प्रयागराज छिवकी लॉबी में संरक्षा सेमिनार का आयोजन किया गया। सात अक्टूबर को आयोजित सेमिनार में वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी उमेश चन्द शुक्ला की मौजूदगी में रनिंग कर्मचारियों सहित परिचालन विभाग के करीब 35 कर्मचारियों ने भाग लिया।

सेमिनार में सिग्नल पासिंग एट डेंजर के कारणों और उससे बचाव के उपायों पर विशेष चर्चा की गई। इसके साथ ही शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, शंटिंग की प्रभावी निगरानी तथा रिले कक्ष को खोलने और बंद करने के दौरान आवश्यक सुरक्षा प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी उमेश चन्द शुक्ला ने कर्मचारियों को संरक्षा, सुरक्षा और समयपालन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि रेल संचालन में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर परिणाम दे सकती है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को पूरी सतर्कता, अनुशासन और निर्धारित संरक्षा नियमों के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

स्टेशन अधीक्षक प्रयागराज छिवकी कुमार राकेश, वरिष्ठ क्रू कंट्रोलर एस. एन. द्विवेदी और मुख्य लोको निरीक्षक हेमंत कुमार ने भी कर्मचारियों को संरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने सिग्नल, शंटिंग और परिचालन कार्यों के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने पर जोर दिया।

सेमिनार का मुख्य उद्देश्य रनिंग और परिचालन कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनारहित रेल संचालन सुनिश्चित करना रहा। अधिकारियों ने कर्मचारियों को पूरी सजगता के साथ कार्य करते हुए दुर्घटनाओं को शून्य तक लाने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।