रेलवे की चिकित्सा शिक्षा और मरीजों की देखभाल को मिलेगा नया आयाम

दिल्ली। चिकित्सा शिक्षा, प्रशिक्षण और मरीजों की देखभाल को और मजबूत करने की दिशा में भारतीय रेलवे ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली और भारतीय रेलवे स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान तथा उत्तर रेलवे केंद्रीय अस्पताल के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।

इस समझौते के तहत चिकित्सा प्रशिक्षण, कौशल विकास और आधुनिक प्रौद्योगिकी के आदान-प्रदान पर विशेष जोर दिया जाएगा। दोनों संस्थान अपनी विशेषज्ञता और संसाधनों को साझा करते हुए चिकित्सकों और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े प्रशिक्षणार्थियों के कौशल विकास को बढ़ावा देंगे।

भारतीय रेलवे का भारतीय रेलवे स्नातकोत्तर चिकित्सा विज्ञान एवं अनुसंधान संस्थान तथा उत्तर रेलवे केंद्रीय अस्पताल रेलवे का पहला और एकमात्र राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग से मान्यता प्राप्त शीर्ष शिक्षण संस्थान है। वहीं, अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान नई दिल्ली देश के प्रमुख चिकित्सा शिक्षण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में शामिल है।

इस साझेदारी से चिकित्सकों को नैदानिक और तकनीकी कौशल को बेहतर बनाने के अवसर मिलेंगे। साथ ही छात्रों के शिक्षण एवं प्रशिक्षण में सुधार और रेलवे स्वास्थ्य सेवा से जुड़े लाभार्थियों को बेहतर मरीज देखभाल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

समझौते की खास बात यह है कि दोनों संस्थानों की विशेषज्ञता और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए सहयोग किया जाएगा, लेकिन इसके लिए किसी भी संस्थान पर अतिरिक्त वित्तीय भार नहीं पड़ेगा।