एक करोड़ 11 लाख पौधों से संवरा उत्तर मध्य रेलवे, हरियाली का बनाया खास रिकॉर्ड

उत्तर मध्य रेलवे ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए ?एक पेड़ माँ के नाम? अभियान के तहत 1 करोड़ 11 लाख 11 हजार 111 पौधे लगाने का आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि पर सुबेदारगंज स्थित रेल गांव में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने प्रतीकात्मक रूप से एक करोड़ 11 लाख 11 हजार 111वां पौधा लगाया।

इस अभियान को विश्व पर्यावरण दिवस पर गति मिली थी। उत्तर मध्य रेलवे ने चालू वित्तीय वर्ष में अपने क्षेत्र में दो करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसमें प्रयागराज मंडल ने 43.44 लाख, झांसी मंडल ने 42.09 लाख और आगरा मंडल ने 25.58 लाख पौधे लगाए हैं।

अभियान के तहत अलीगढ़, आगरा, मथुरा, कानपुर, झांसी, बांदा, मिर्जापुर और ग्वालियर समेत 300 से अधिक रेलवे स्टेशनों और कॉलोनियों में पौधरोपण किया गया। एक ही दिन में 13 लाख से अधिक पौधे लगाए गए। रेलवे ने पौधरोपण के लिए खाली जमीनों को चिन्हित करने के साथ ट्रैक किनारे से कबाड़ हटाकर भूमि का उपयोग किया।

उत्तर मध्य रेलवे की इस पहल से रेलवे परिसरों में हरियाली बढ़ने के साथ यात्रियों और कर्मचारियों को स्वच्छ हवा, छाया और बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है। रेलवे प्रशासन अब लगाए गए पौधों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए दो करोड़ पौधों के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है।